ETV Bharat / bharat

उत्तराखंड में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की चौंकाने वाली तस्वीर, 35 हजार बच्चों की चुपचाप लड़ाई जारी

उत्तराखंड के चार जिलों में 35 हजार से ज्यादा बच्चे मेंटल हेल्थ प्रॉब्लम से जूझ रहे हैं. ये स्टडी सिर्फ 4 जिलों में हुई.

CHILDREN MENTAL HEALTH
उत्तराखंड में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की चौंकाने वाली तस्वीर (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : October 11, 2026 at 12:22 PM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सामने आई एक नई अध्ययन रिपोर्ट ने स्वास्थ्य सेवाओं, स्कूलों और परिवारों के सामने कई अहम सवाल खड़े किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में करीब 35 हजार 746 बच्चों और किशोरों में बौद्धिक दिव्यांगता, सीखने से जुड़ी विशिष्ट कठिनाइयों, ऑटिज्म, एडीएचडी, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं का अनुमान लगाया गया है. इनमें सबसे अधिक संख्या बौद्धिक दिव्यांगता और विशिष्ट अधिगम अक्षमता यानी स्पेसिफिक लर्निंग डिसेबिलिटी से प्रभावित बच्चों की है.

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज (NIMHANS), बेंगलुरु की ओर से उत्तराखंड राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के सहयोग से किए गए, इस सर्वे में 0 से 17 साल के बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य का आकलन किया गया. वित्तीय वर्ष 2024-25 की इस रिपोर्ट में बीमारियों के अनुमानित प्रसार के साथ ही ये भी सामने आया कि दिव्यांगता से जुड़ी सरकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं और जरूरी प्रमाणपत्रों के बारे में लोगों की जानकारी बेहद कम है. यही वजह है कि रिपोर्ट में कहा गया कि बच्चों की समस्याओं को समय रहते पहचानने, स्कूलों में जरूरी सहायता उपलब्ध कराने और परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है.

Children mental health
बौद्धिक दिव्यांगता प्रति 10 हजार बच्चों पर 56 माना गया है. यानी राज्य में करीब 14 हजार 790 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान (PHOTO-ETV Bharat)

चार जिलों में किया गया सर्वे: ये सर्वे देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में किया गया है. इन जिलों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को शामिल करते हुए कुल 80 क्लस्टर चुने गए थे. हर क्लस्टर से 11 पात्र बच्चों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, 880 प्रतिभागियों के लक्ष्य के मुकाबले 802 बच्चों और किशोरों के आंकड़े शामिल किए गए. ये सभी जानकारियां मुख्य रूप से अभिभावकों से ली गई, जबकि आवश्यकता के अनुसार बच्चों का इंटरव्यू भी लिया गया. हालांकि, चिन्हित किए गए 35 हजार 746 बच्चों का आंकड़ा सर्वे के निष्कर्षों और जनसंख्या के आधार पर अनुमान के जरिए तैयार किया गया है. रिपोर्ट में जनगणना 2011 के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है. ऐसे में नई जनगणना आने पर अनुमानों में बदलाव भी संभव है.

रिपोर्ट के मुताबिक

  • बौद्धिक दिव्यांगता प्रति 10 हजार बच्चों पर 56 माना गया है. यानी राज्य में करीब 14 हजार 790 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है.
  • विशिष्ट अधिगम अक्षमता/सीखने की कठिनाई प्रति 10 हजार बच्चों पर 55 माना गया है. यानी राज्य में करीब 12 हजार 369 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है.
  • चिंता और अवसाद प्रति 10 हजार बच्चों पर 23 माना गया है. यानी राज्य में करीब 5 हजार 67 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है.
  • ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर प्रति 10 हजार बच्चों पर 8 माना गया है. यानी राज्य में करीब 2 हजार 445 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है.
  • एडीएचडी/ध्यान की कमी और अति सक्रियता प्रति 10 हजार बच्चों पर 4 माना गया है. यानी राज्य में करीब 1 हजार 75 बच्चों-किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है.
  • प्रदेश में बौद्धिक दिव्यांगता और विशिष्ट अधिगम अक्षमता से प्रभावित बच्चों की अनुमानित संख्या 27 हजार से अधिक है. जिससे साफ है कि स्कूलों में सीखने की कठिनाई, ध्यान की कमी या व्यवहार संबंधी बदलाव को सिर्फ पढ़ाई में कमजोरी मानकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.

कितने बच्चे किससे प्रभावित: सर्वे में बौद्धिक दिव्यांगता के मामले काफी अधिक सामने आए हैं. इसके अनुमानित प्रसार के आधार पर राज्य में करीब 14 हजार 790 बच्चों एवं किशोरों के प्रभावित होने का अनुमान है. ऐसे बच्चों को सीखने, संवाद करने और दैनिक गतिविधियों में उनकी आयु व क्षमता के अनुसार सहायता की जरूरत हो सकती है. सर्वे में 6 से 17 साल के 601 बच्चों का इस श्रेणी के लिए आकलन किया गया, जिनमें छह बच्चों में विशेषज्ञ स्तर पर निदान की पुष्टि हुई. इसी तरह, विशिष्ट अधिगम अक्षमता के लिए 8 से 17 साल के 508 बच्चों का मूल्यांकन किया गया और छह बच्चों में निदान की पुष्टि मिली. चिंता और अवसाद से प्रभावित होने का अनुमान करीब 5,067 बच्चों-किशोरों का है. ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर के करीब 2,445 और एडीएचडी के करीब 1,075 मामलों का अनुमान रिपोर्ट में दर्ज है.

Children mental health
देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के बच्चों को किया गया चिन्हित. (PHOTO-ETV Bharat)

सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार डर, अत्यधिक चिंता, उदासी, सामाजिक संवाद में कठिनाई, ध्यान न टिकना या व्यवहार में अचानक बदलाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए. साथ ही, स्क्रीनिंग में संकेत मिलना खुद निदान नहीं है. अंतिम आकलन और उपचार प्रशिक्षित विशेषज्ञ से ही कराना चाहिए. रिपोर्ट का सबसे चिंताजनक पहलू ये है कि बच्चों की समस्याओं की तुलना में दिव्यांगता से जुड़े अधिकारों और सरकारी सहायता की जानकारी बेहद कम है. अवसाद के बारे में 78.16 फीसदी लोगों ने जानकारी दी, जबकि बौद्धिक दिव्यांगता के बारे में जानकारी रखने वाले केवल 12.15 फीसदी और एडीएचडी के बारे में जानकारी रखने वाले मात्र 5.40 फीसदी थे.

अधिकारी और जानकारी का अभाव: सर्वे के दौरान, यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID के बारे में जानकारी एकत्र की गई. 385 अभिभावकों में से सिर्फ 0.26 फीसदी को इसकी जानकारी थी/ किसी भी अभिभावक को UDID से मिलने वाले लाभों की जानकारी नहीं थी. दिव्यांगता के आकलन कहां होते हैं, यह जानने वाले 3.64 फीसदी थे, जबकि सिर्फ 1.04 फीसदी ने बच्चे का आकलन कराया था और 0.78 फीसदी के पास दिव्यांगता प्रमाणपत्र था. इसके साथ ही दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम 2017, राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के बारे में भी अभिभावकों को जानकारी नहीं है. यानी समस्या सिर्फ इलाज की नहीं, बल्कि अधिकार और सहायता तक पहुंच गई है.

Children mental health
NIMHANS बेंगलुरु की ओर से उत्तराखंड राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की मदद से किया गया सर्वे (PHOTO-ETV Bharat)

सर्वे में सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए 66.21 फीसदी परिवारों ने सरकारी या नगर निगम के अस्पतालों का सहारा लेने की बात कही. मानसिक या न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के लिए ये अनुपात 65.83 फीसदी रहा, जबकि 32.04 फीसदी परिवार निजी अस्पतालों या डॉक्टरों पर निर्भर थे. लेकिन मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं या जानकारी के लिए किसी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर के पास जाने वालों का अनुपात सिर्फ 2.36 फीसदी था. करीब 99.39 फीसदी अभिभावकों ने कहा कि उन्होंने युवा-केंद्रित स्वास्थ्य क्लीनिकों के बारे में न तो सुना था और न ही उनका उपयोग किया था.

दिए गए सुझाव: इस सर्वे में बच्चों की समस्याओं की शुरुआती पहचान को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), स्कूल मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और टीकाकरण सत्रों से जोड़ने का सुझाव दिया गया है. ताकि ऑटिज्म, बौद्धिक दिव्यांगता, सीखने की कठिनाई, एडीएचडी, चिंता और अवसाद से ग्रसित बच्चों की पहचान समय से हो सके. रिपोर्ट में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, प्राथमिक स्वास्थ्य कर्मियों और शिक्षकों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया है. स्कूलों में विशेष शिक्षकों का पूल, काउंसलिंग सेवाएं, रेफरल व्यवस्था और समावेशी शिक्षा को मजबूत करने का सुझाव भी दिया गया है. साथ ही, परिवारों को UDID कार्ड, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, आवेदन प्रक्रिया, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, हेल्पलाइन और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने की सिफारिश की गई है.

Children mental health
राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण (PHOTO-ETV Bharat)

ये सर्वे उत्तराखंड के लिए पहला व्यापक आधार तैयार करता है, जिससे राज्य सरकार ये तय कर सकती है कि कहां विशेषज्ञ, काउंसलर, विशेष शिक्षक और प्रारंभिक हस्तक्षेप सेवाएं चाहिए. लेकिन असली परीक्षा अब स्क्रीनिंग के बाद बच्चों को विशेषज्ञ आकलन, उपचार, स्कूली सहायता और सरकारी योजनाओं तक पहुंचाने की होगी. जब तक ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के परिवारों को ये नहीं पता चलेगा कि उनके बच्चे की समस्या क्या है? उसका मूल्यांकन कहां होगा? और कौन-सी सहायता मिलेगी? तब तक 35 हजार से अधिक बच्चों का ये अनुमान सिर्फ एक आंकड़ा बना रहेगा.

ये भी पढ़ें: World Mental Health Day: 30 साल की उम्र से बढ़ रही हैं मेंटल हेल्थ प्रॉब्लम? न्यूरोलॉजिस्ट से जानें इसके पीछे का कारण