ETV Bharat / bharat

वीडियो में देखिए किस तरह पुलिसवालों को पटना में छात्रों ने पीटा

बिहार स्वास्थ्य ज्ञान विश्व विद्यालय के छात्रों का हंगामा. पुलिस से झड़प, दो जवान घायल, कई छात्र भी हुए चोटिल. रिपोर्ट- कुंदन कुमार.

PATNA STUDENT PROTEST CLASH
पटना में एक्शन में पुलिस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 25, 2026 at 6:36 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को जमकर हंगामा देखने को मिला. जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया. बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जुटे और जमकर हंगामा किया.

पटना में छात्रों को जबरदस्त हंगामा : प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई. इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायल पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है. उनका इलाज कराया जा रहा है.

पुलिस को बनाया निशाना : इस हंगामे का वीडियो भी सामने आया है. इसमें भी साफ दिख रहा है कि कैसे उग्र छात्र पुलिस वालों को पीट रहे हैं. विश्वविद्यालय के गेट पर पुलिस वाले के साथ मारपीट की जाती है. हालांकि एक प्रदर्शनकारी छोड़ देने की बात भी कर रहा है, लेकिन उग्र छात्र लगातार पिटाई करते दिखाई पड़ रहे हैं.

देखें वीडियो (ETV Bharat)

क्या है पूरा मामला? : छात्रों का कहना है कि रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर वे विश्वविद्यालय पहुंचे थे. छात्रों की मांग थी कि परिणाम से जुड़ी उनकी शिकायतों और आशंकाओं को सुना जाए तथा मामले की जांच कराई जाए. इसी मांग को लेकर छात्र काफी देर तक विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते रहे. देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में भी तोड़फोड़ : हंगामे के दौरान आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में भी छात्रों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है. वहां मौजूद कर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है. हालांकि, पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया. पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया. इसी दौरान छात्रों की ओर से पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने की सूचना है. झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. इनमें पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार को सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है. घायल जवान का इलाज जारी है.

PATNA STUDENT PROTEST CLASH
छात्रों को खदेरती पुलिस (ETV Bharat)

छात्रों ने लगाया आरोप : वहीं छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है. छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने विश्वविद्यालय पहुंचे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया.

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई : फिलहाल बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. तनाव को देखते हुए आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. घटना के दौरान हुए नुकसान और छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.

जाम की स्थिति हुई उत्पन्न : हंगामे के कारण मीठापुर के क्षेत्र में एक घंटा से भी ज्यादा सड़क जाम रहा. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्रों को समझाया, विश्वविद्यालय के अधिकारी भी पहुंचे उसके बाद मामला शांत हुआ. छात्रों का साफ-साफ कहना है कि लगातार सेशन लेट किया जा रहा है. रिजल्ट में गड़बड़ी की जा रही है. रिजल्ट को लेकर पैसे मांगे जा रहे हैं. ऐसे कई तरह के आरोप छात्र लग रहे थे.

ये भी पढ़ें :-

'शिक्षा सत्याग्रह 2.0' : पटना में मार्च के दौरान पत्थरबाजी से DSP का फटा कान, पुलिस ने किया लाठीचार्ज