Durga Puja 2026: वेश्यालय के आंगन की मिट्टी से क्यों बनाई जाती है मां दुर्गा की मूर्ति? जानें वजह
शारदीय नवरात्र में मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान से दुर्गा प्रतिमा बनाने के लिए मिट्टी ली जाती है. जानें मंदिर का 700 साल पुराना इतिहास.रिपोर्ट-विवेक कुमार

Published : October 11, 2026 at 1:32 PM IST
मुजफ्फरपुर: भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहार सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहते. वे सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय गरिमा का संदेश भी देते हैं. शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा इसी श्रेणी में आता है, जहां मां दुर्गा की आराधना के साथ नारी शक्ति की पूजा की जाती है. इसी पर्व से जुड़ी एक ऐसी परंपरा है, जो समाज की सोच पर सवाल खड़े करती है.
बंगाल से बिहार तक फैली मान्यता
मान्यता है कि मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली मिट्टी में वेश्यालय के आंगन की मिट्टी भी मिलाई जाती है. बंगाल में प्रचलित इस मान्यता के तहत वेश्यालय के आंगन की मिट्टी को भी प्रतिमा निर्माण में शामिल किया जाता है. मुजफ्फरपुर में यह परंपरा शहर के पुराने रेड लाइट इलाके चतुर्भुज स्थान से जुड़ी है. यहां रहने वाली महिलाओं के घर के आंगन की मिट्टी को मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण के लिए शुभ माना जाता है.
सामाजिक भेदभाव और पूजा का विरोधाभास
एक ओर इस इलाके की महिलाओं को सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है, तो दूसरी ओर दुर्गा पूजा के दौरान उनके घर के आंगन की मिट्टी को शुभ मानकर लिया जाता है. यही विरोधाभास इस परंपरा को खास बनाता है. इसके भीतर धार्मिक आस्था के साथ उन महिलाओं के सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता का सवाल भी छिपा है, जिन्हें अक्सर समाज की मुख्यधारा से अलग नजरों से देखा जाता है.
प्रतिमा निर्माण में जुटे कारीगर
दुर्गा पूजा से पहले मुजफ्फरपुर में मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. प्रतिमा निर्माण में मिट्टी, पुआल और अन्य सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है. बंगाल में प्रचलित एक धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवी की प्रतिमा बनाने के लिए अलग-अलग स्थानों से मिट्टी लाई जाती है. इनमें गंगा तट, खेत, मंदिर परिसर और वेश्यालय के आंगन की मिट्टी का भी उल्लेख मिलता है.

मिट्टी के स्रोतों में विविधता
मिट्टी के स्रोतों और उनकी संख्या को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग मान्यताएं हैं. कहीं पांच से सात स्थानों की मिट्टी का उल्लेख मिलता है, तो कहीं दस स्थानों से मिट्टी लाने की परंपरा बताई जाती है. मुजफ्फरपुर में भी कुछ मूर्तिकार इस परंपरा का पालन करते हैं. उनके अनुसार, श्रद्धालु अपनी मान्यताओं के अनुसार मिट्टी लेकर आते हैं, जिसे दूसरी मिट्टी के साथ मिलाकर प्रतिमा तैयार की जाती है.
समाज की सोच पर सवाल
इस परंपरा की एक प्रचलित व्याख्या यह है कि समाज जिन महिलाओं को तिरस्कार की नजर से देखता है, उनके घर की मिट्टी भी देवी की प्रतिमा का हिस्सा बनती है. यह मान्यता सामाजिक ऊंच-नीच और पवित्रता-अपवित्रता से जुड़ी धारणाओं पर विचार करने का अवसर देती है. चतुर्भुज स्थान में रहने वाली सना (बदला हुआ नाम) बताती हैं कि दुर्गा पूजा के दौरान उनके घर के आंगन की मिट्टी लेने के लिए लोग आते हैं.
सम्मान का एहसास
सना कहती हैं, “अगर हम लोगों के दरवाजे की मिट्टी दुर्गा प्रतिमा में नहीं लगेगी, तो उसे शुभ नहीं माना जाएगा. अच्छे-अच्छे घरों से भी लोग 251 या 551 रुपये शगुन के तौर पर देकर हमसे मिट्टी लेकर जाते हैं. हम लोग खानदानी हैं, कई पीढ़ियों से नाच-गाना करते आ रहे हैं.” इस परंपरा से उन्हें सम्मान का अनुभव होता है.

पवित्र और पुरानी परंपरा
चतुर्भुज स्थान में जन्मीं सेक्स वर्कर की बेटी का कहना है कि यह बहुत ही पवित्र और पुरानी परंपरा है. मान्यता है कि नाच-गाने से जुड़ी महिलाओं के घर की मिट्टी को भी मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने में शामिल किया जाता है. इसे शुभ माना जाता है.
"पुरोहितों और पंडितों के अनुसार, माता की प्रतिमा के निर्माण में सात अलग-अलग स्थानों की मिट्टी का इस्तेमाल करने की परंपरा है, जिसमें इस घर की मिट्टी भी शामिल होती है. यह हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है."-सेक्स वर्कर की बेटी
मूर्तिकार विक्की कुमार की जानकारी
प्रतिमा निर्माता विक्की कुमार बताते हैं कि वह 20 वर्षों से अधिक समय से मूर्ति बनाने के काम से जुड़े हैं. उनके अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा निर्माण में अलग-अलग स्थानों की मिट्टी इस्तेमाल करने की मान्यता है.
“मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने में वेश्यालय की मिट्टी का विशेष महत्व माना जाता है. पांच से सात अलग-अलग स्थानों की मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता है. बिहार में इस परंपरा को मानने वाले कारीगर कम हैं, जबकि बंगाल में इसका प्रचलन अधिक है.”-विक्की कुमार, प्रतिमा निर्माता
परंपरा के पीछे की कथा
मुजफ्फरपुर के हरिसभा चौक स्थित बंगाली समाज से जुड़े देव आशीष इस परंपरा के पीछे एक प्रचलित कथा बताते हैं. उनके अनुसार, एक वेश्या मां दुर्गा की बड़ी भक्त थी. मान्यता है कि एक दिन देवी उसके सपने में आईं और उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर उसे अपने आंगन की मिट्टी से प्रतिमा बनाने को कहा. इस कथा में गौमूत्र, गंगा की मिट्टी, पुआल और गोबर मिलाकर प्रतिमा बनाने का भी उल्लेख मिलता है.

"यह कथा धार्मिक लोकमान्यता के रूप में प्रचलित है। इसका सामाजिक संदेश यह है कि भक्ति और समर्पण के सामने किसी व्यक्ति की सामाजिक पहचान को छोटा नहीं माना जाना चाहिए."- देव आशीष, बंगाली समाज
सामाजिक संदेश और मंदिर का इतिहास
चतुर्भुज स्थान की पहचान केवल रेड लाइट एरिया तक सीमित नहीं है. यहां भगवान विष्णु का प्राचीन चतुर्भुज मंदिर स्थित है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर की स्थापना शक संवत 1354 में हुई थी और यहां स्थापित विष्णु की प्रतिमा लगभग 700 वर्ष पुरानी मानी जाती है.
मंदिर की उपेक्षा और भविष्य
मंदिर के पुजारी नवल किशोर मिश्रा का कहना है कि प्रचलित कथा के अनुसार, मुजफ्फरपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर कुढ़नी प्रखंड के तुर्की गांव में तालाब की खुदाई के दौरान प्रतिमा मिली थी. मंदिर परिसर में विष्णु के साथ शिव, गणेश, आदिशक्ति, भैरव, सूर्य और हनुमान की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं.

"मंदिर के पास पर्याप्त जमीन है और इसका इतिहास काफी पुराना है, लेकिन इलाके की बदली हुई छवि के कारण लोग यहां आने से कतराते हैं. इससे मंदिर की उपेक्षा हो रही है."-नवल किशोर मिश्रा, मंदिर के पुजारी
ये भी पढ़ें-
गोपालगंज में दिखेगा अमेरिका का अक्षरधाम मंदिर, 80 लाख के बजट से बन रहा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल
बिहार में बन रहा मलेशिया जैसा ट्विन टावर, दुर्गा पूजा में बनेगा आकर्षण का केंद्र

