ETV Bharat / bharat

Grok विवाद: अश्लील कंटेंट पर X का बड़ा एक्शन... 3,500 पोस्ट ब्लॉक, 600 अकाउंट डिलीट

भारत सरकार की सख्ती के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X(पूर्व में ट्विटर) ने अपने AI टूल Grok से जुड़े अश्लील कंटेंट विवाद पर कार्रवाई की.

Etv Bharat
एलन मस्क (PTI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : January 11, 2026 at 10:48 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: Elon Musk के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले Twitter) ने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर बड़ा फैसला लिया है. प्लेटफॉर्म ने भारत सरकार की सख्ती के बाद 3,500 पोस्ट ब्लॉक कर दिए हैं और 600 अकाउंट्स को पूरी तरह डिलीट कर दिया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने एक हफ्ते पहले X को पत्र लिखकर आपत्तिजनक कंटेंट पर आपत्ति जताई थी.

सरकार के पत्र के बाद बढ़ी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, MeitY ने X प्लेटफॉर्म पर फैल रहे अश्लील और संवेदनशील कंटेंट को लेकर कड़ा रुख अपनाया था. मंत्रालय ने साफ कहा था कि भारत के आईटी कानूनों और डिजिटल गाइडलाइंस का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके बाद X ने अपनी गलती स्वीकार की और भरोसा दिलाया कि वह भारत के कानूनों के अनुसार ही काम करेगा.

X ने माना कंटेंट मॉडरेशन में चूक
X प्लेटफॉर्म की ओर से कहा गया है कि कंटेंट मॉडरेशन के स्तर पर कुछ चूक हुई थी, जिसे अब ठीक किया जा रहा है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे से किसी भी तरह के अश्लील, आपत्तिजनक या गैरकानूनी कंटेंट को प्लेटफॉर्म पर अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके लिए मॉनिटरिंग सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है.

Grok AI से जुड़े विवाद ने बढ़ाई चिंता
बीते कुछ दिनों से X पर Grok AI को लेकर विवाद चल रहा है. आरोप है कि कुछ यूजर्स Grok AI की मदद से अश्लील इमेज और कंटेंट जनरेट कर रहे थे. खासकर महिलाओं और नाबालिगों की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर आपत्तिजनक सामग्री बनाई जा रही थी. इस मुद्दे पर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक नाराजगी देखने को मिली.

क्या है Grok AI?
Grok एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट है, जिसे Elon Musk की कंपनी xAI ने विकसित किया है. इसे X प्लेटफॉर्म पर और अलग ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है. यूजर्स टेक्स्ट या वॉयस कमांड देकर इससे सवाल पूछ सकते हैं या कंटेंट जनरेट कर सकते हैं. हालांकि, इसके गलत इस्तेमाल ने कंपनी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

आगे क्या बदलेगा X पर?
जानकारी के अनुसार, X अब भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा. संदिग्ध अकाउंट्स पर नजर रखी जाएगी और ऑटोमेटेड AI टूल्स के साथ-साथ मैनुअल मॉडरेशन भी बढ़ाया जाएगा. सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जिम्मेदारी तय की जाएगी.

यह भी पढ़ें- Grok AI से अवैध कंटेंट बनाने वाले यूजर्स पर होगी कार्रवाई: एलोन मस्क