VIDEO: तीन-तीन कोबरा से खेल रहा था, एक ने डसा तो तीनों को लेकर अस्पताल पहुंचा युवक, मचा हड़कंप
सदर अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डसने के बाद स्नेक कैचर इलाज के लिए तीन विशाल कोबरा लेकर पहुंच गया. पढ़ें

Published : January 10, 2026 at 7:55 PM IST
रोहतास: सांप देखते ही अच्छे अच्छों के पसीने छूट जाते हैं. बात जब जहरीले सांप की हो और वह भी कोबरा की तो डर का अंदाजा लगाया जा सकता है. ऐसे में सरकारी अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नहीं बल्कि तीन-तीन जहरीले कोबरा सांप लेकर एक शख्स पहुंच गया.
तीन विशाल कोबरा लेकर पहुंचा अस्पताल: दरअसल शनिवार को जिला मुख्यालय सासाराम के सदर अस्पताल में एक ऐसा मरीज पहुंचा, जो अपने झोले में तीन बड़े-बड़े कोबरा सांप लिए हुए था. कारण यह था कि राजपुर के गौतम कुमार को जब सांप ने डस लिया तो वह एक बोरे में तीन बड़े-बड़े कोबरा को लेकर अस्पताल पहुंच गया. जिसके बाद अस्पताल में मौजूद मरीज, डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया और लोग इधर उधर मारे डर के भागने लगे.
8 से 10 फीट लंबे तीन कोबरा देख हड़कंप: मामला कुछ यह है कि गौतम सांप पकड़ने में एक्सपर्ट है, लेकिन इसी दौरान एक विषैले सांप ने उसे डस लिया. इसके बाद वह घबरा गया और आनन- फानन में गौतम अपने पास पकड़े गए तीन सांपों को लेकर अस्पताल पहुंच गया. सासाराम के ट्रामा सेंटर में जब उसने तीनों सांप को बोरी से बाहर निकाला तो हड़कंप मच गया, 8 से 10 फीट लंबे तीन कोबरा देखकर लोग घबरा गए.
"कुछ दिनों पहले तीन सांपों को रेस्क्यू किया था. आज उसे जंगल में छोड़ने के लिए ले जा रहा था, हवा खिलाने जैसे ही बाहर निकाला तभी सांप ने डस लिया. खुद का ही इलाज कराने सांपों को लेकर सदर अस्पताल पहुंच गया."- गौतम कुमार, स्नेक कैचर

सांप पकड़ने में एक्सपर्ट: बताया जाता है कि गौतम कुमार सांप पकड़ने में एक्सपर्ट है. यही नहीं जहां कहीं भी सांप की सूचना मिलती है, तो वह जाकर उसे पकड़ता है. फिर उसे जाकर जंगल में छोड़ देता है.

जंगल में छोड़ने से पहले सांपों को खिला रहा था हवा : बताया जाता है कि दो-तीन दिनों से पकड़े गए तीन कोबरा सांपों को वह शनिवार को जंगल में छोड़ने ले जा रहा था, लेकिन इसी बीच उसने गांव में सांप को बोरी से बाहर निकालकर हवा खिलाने के लिए बाहर निकाला. लेकिन इसी बीच एक कोबरा ने उसे डस लिया. ऐसे में वह अपना इलाज कराने भागते-भागते सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचा. साथ ही तीन विशाल कोबरा को भी अपने साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया.

स्वस्थ है गौतम: स्नेक कैचर गौतम फिलहाल स्वस्थ है. डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं. वहीं पकड़े गए तीनों सांप को वन विभाग को सुपुर्द करने की तैयारी चल रही है. सदर अस्पताल के डॉ. प्रवीन कुमार सिंह की मानें तो फिलहाल मरीज खतरे से बाहर है. अलग-अलग सांप के काटने का अलग अलग प्रभाव होता है. कोबरा सांप के काटने पर तुरंत नजदीक के डॉक्टर से संपर्क करें. झाड़-फूंक के चक्कर में कभी नहीं पड़ें. मरीज को शांत रखें, काटे गए अंग को स्थिर करें (हृदय से नीचे) और सूजन आने से पहले कंगन अंगूठी/घड़ी जैसे चीजों को हटा दें.
''जहर चूसने, टूर्निकेट लगाने, बर्फ लगाने या घाव को छेड़ने जैसी चीजें बिल्कुल न करें. शांत रहना सबसे जरूरी है, क्योंकि घबराहट से जहर तेजी से फैल सकता है. अगर हाथ या पैर पर काटा है, तो उसे हृदय के स्तर से नीचे रखें और पट्टी बांधकर स्थिर कर दें ताकि मूवमेंट कम हो. पहले घाव को साबुन और पानी से हल्के से धो लें.''- डॉ प्रवीन कुमार सिंह, सदर अस्पताल सासाराम
ये भी पढ़ें
सोनपुर मेले में अजब-गजब के घोड़े, 24 इंच के बादल और 16 इंच की वर्षा ने लूटी महफिल
सांप को 1 साल के बच्चे ने दांत से काटा, कैसे हो गई कोबरा की मौत?
बिहार में एक-दो नहीं एक साथ निकले 60 से अधिक कोबरा सांप, घर बना 'नागलोक'

