नवी मुंबई से छह नाबालिग लड़कियां लापता, माता-पिता परेशान, जांच में जुटी पुलिस
नवी मुंबई शहर के अलग-अलग हिस्सों से छह नाबालिग लड़कियों के गायब होने से बेटियों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता की चिंता बढ़ गई है.

Published : November 30, 2025 at 3:14 PM IST
नवी मुंबई (महाराष्ट्र): नवी मुंबई से छह नाबालिग लड़कियां लापता हो गई हैं, जिससे माता-पिता की चिंता बढ़ गई है. जानकारी के अनुसार रबाले, APMC औरकोपरखैरणे पुलिस स्टेशन की सीमा से चार लड़कियां लापता हुईं. इसके तुरंत बाद, जानकारी मिली है कि तुर्भे और NRI सागरी पुलिस स्टेशन की सीमा से दो और लड़कियां लापता हो गई हैं.
लड़कियों के आए दिन गायब होने की घटनाओं के कारण, नवी मुंबई में नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता की चिंता बढ़ गई है. परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि तुर्भे पुलिस थाना क्षेत्र में 14 साल की नाबालिग लड़की घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी. पुलिस ने शक जताया है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है.
वहीं, NRI सागरी पुलिस स्टेशन की सीमा से 16 साल की लड़की गायब हो गई है. इससे पहले भी लड़की गायब होकर पश्चिम बंगाल में अपने गांव भाग गई थी. पुलिस ने लड़की को ढूंढकर वापस लाया था. हालांकि, अब लड़की फिर से गायब हो गई है और उसका मोबाइल फोन बंद है.
इसी प्रकार, रबाले, APMC और कोपरखैरने पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है कि चार लड़कियां घर से निकलने के बाद वापस नहीं आईं. इन लड़कियों के गायब होने के कारणों का अभी पता नहीं चला है.
अनैतिक मानव तस्करी निवारण कक्ष (Immoral Human Trafficking Prevention Cell) के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर पृथ्वीराज घोरपड़े ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, अगर कोई नाबालिग लड़की लापता हो जाती है तो तुरंत अपहरण का मामला दर्ज करना अनिवार्य है, सभी मामलों में आईपीसी की धारा 363 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.
जानकारी मिलने पर पुलिस को रिपोर्ट करने की अपील
पुलिस ने नवी मुंबई शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और लापता नाबालिग लड़कियों के मामले में कोई भी संदिग्ध जानकारी पुलिस थाने पर रिपोर्ट करें. पुलिस का यह भी कहना है कि माता-पिता को अपने नाबालिग बच्चों की हरकतों पर नजर रखना और उनकी सुरक्षा के बारे में उन्हें गाइड करना जरूरी है.
शहर में लड़कियों के लापता होने की बढ़ती शिकायतों ने नवी मुंबई में चिंता पैदा कर दी है. नागरिक मांग कर रहे हैं कि इन सभी लड़कियों को तुरंत ढूंढा जाए. अनैतिक मानव तस्करी निवारण कक्ष के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर पृथ्वीराज घोरपड़े ने कहा कि इलाके में CCTV, सड़क पर हरकतों और मोबाइल लोकेशन का इस्तेमाल करके जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें- पिता-भाई ने की प्रेमी की हत्या, युवक के घर जाकर लड़की ने डेड बॉडी से की शादी

