ETV Bharat / bharat

बिहार में डूबने से एक साथ 6 बच्चों की मौत

मोतिहारी में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां पर डूबने से एक साथ 6 बच्चों की मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर

SIX CHILDREN DIED IN MOTIHARI
कॉसेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 3, 2026 at 9:11 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी : बिहार में होली से पहले दर्दनाक हादसा हुआ है. 6 बच्चों की डूबने से मौत हो गई है. पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना केसरिया थाना क्षेत्र के राखवा पंचायत की है, जहां राघवा नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जुट गए.

मोतिहारी में 6 बच्चों की डूबने से मौत: स्थानीय लोगों के अनुसार, सभी बच्चे दोपहर में राघवा नदी में स्नान करने गए थे. इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर छह बच्चे नदी में समा गए. नदी किनारे मौजूद लोगों ने बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचते, तब तक सभी बच्चे पानी में लापता हो चुके थे.

पूरे गांव में मातम: घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए. शव निकलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया.

मृतकों में 5 लड़की और 1 लड़का: डूबने वाले बच्चों में पांच लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं. मृतकों में धर्मेंद्र सहनी की 12 वर्षीय दीक्षा कुमारी, 6 वर्षीय प्रिया कुमारी और 9 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी शामिल हैं, जो तीनों सगी बहनें थीं. इसके अलावा 12 वर्षीय सोनाली कुमारी (पिता कामेश्वर साहनी), 11 वर्षीय प्रिंस कुमार (पिता मनोज साहनी) और 8 वर्षीय छोटी कुमारी (पिता मनोज कुमार साहनी) की भी मौत हो गई.

प्रशासन की लोगों से अपील: घटना के बाद पूरे राखवा पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. केसरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि "सभी शवों को बरामद कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है." प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या तालाब में बच्चों को अकेले स्नान करने न भेजें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें

मातम में बदली शादी की खुशियां, तीन बच्चों की दर्दनाक मौत से दहला छपरा

छठ की खुशियां मातम में बदली, नालंदा में अलग-अलग हादसों में 6 की मौत