उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक पर एवलॉन्च, 8 ट्रेकर्स फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन में आठ ट्रेकर्स फंस गए. जबकि 4 सुरक्षित रेस्क्यू किए गए हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : October 31, 2026 at 3:22 PM IST
|Updated : October 31, 2026 at 3:27 PM IST
उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक पर गए ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ के हिमस्खलन के कारण रास्ते में फंसने से जिला प्रशासन में हलचल मच गई है. भोज खड़क से आगे हिमस्खलन आने के कारण आठ लोग फंसे हुए हैं, जबकि तीन पोर्टर और एक कुक समेत चार लोग सुरक्षित मिल गए हैं. फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं. खराब मौसम, बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं.
जिला प्रशासन के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और 6 सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था. इसमें एक कुक 29 अक्टूबर को गंगोत्री रवाना हो गया था. दल के अन्य सदस्यों की वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी, लेकिन खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण ट्रेकिंग मार्ग अवरुद्ध हो गया. रास्ते में ग्लेशियर और बर्फ जमा होने के कारण दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका. 30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से फोन पर संपर्क होने पर दल ने कच्ची ढांग के पास स्वयं को सुरक्षित बताते हुए मदद मांगी थी.
इसके बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्या के निर्देश पर प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू कराया. 30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी की ओर से पोर्टर और गाइड की टीम भेजी गई, जिसने करीब 6 किलोमीटर तक ट्रेकिंग मार्ग खोलने का प्रयास किया. शनिवार सुबह 6 बजे उत्तरकाशी से 10 सदस्य एनडीआरएफ की टीम गंगोत्री के लिए रवाना हुई. इसके साथ ही गंगोत्री से वन विभाग के दो सदस्य, ट्रेकिंग एजेंसी के 7 सदस्य और एसडीआरएफ के 6 जवानों की टीम भी केदारताल के लिए रवाना की गई.
कच्ची ढांग के आसपास तीन पोर्टर और एक कुक समेत चार लोग सुरक्षित मिल गए हैं. शेष आठ लोग भोज खड़क से आगे हिमस्खलन आने के कारण फंसे हुए हैं. रेस्क्यू टीमें बर्फ से बाधित मार्ग को पार कर उनके पास पहुंचने का प्रयास कर रही है. हिमस्खलन के कारण रास्ता बंद होने से टीमों को आगे बढ़ने में परेशानी हो रही है.
-प्रदीप बिष्ट, रेंज अधिकारी, गंगोत्री राष्ट्रीय नेशनल पार्क-
प्रशासन की ओर से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और सभी लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. वहीं, रेस्क्यू अभियान में हेलीकॉप्टर की मदद लेने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को पत्र भेजा है. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित टीमों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान में तेजी लाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन की ओर से ट्रेकर्स की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें:

