ETV Bharat / bharat

हिमाचल में खाई में गिरी बस, 14 लोगों की मौत, 52 जख्मी, PM मोदी ने की आर्थिक मदद की घोषणा

प्राइवेट बस में करीब 66 यात्री सवार थे. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सिरमौर में निजी बस खाई में गिरी
सिरमौर में निजी बस खाई में गिरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 9, 2026 at 4:00 PM IST

|

Updated : January 9, 2026 at 10:09 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां श्री रेणुका जी विधानसभा के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक निजी बस (जीत कोच) गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों की पहचान का कार्य अभी जारी है. जबकि 52 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं, दुर्घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना.

हिमाचल में खाई में गिरी बस (ETV Bharat)

खाई में गिरी बस

जानकारी के अनुसार सिरमौर जिला में निजी बस (जीत कोच) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. बस शिमला से कुपवी जा रही थी. इस दौरान हरिपुरधार से 100 मीटर पहले ड्राइवर ने अचानक बस से नियंत्रण खो दिया और बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई. हादसे के वक्त बस में 66 लोग सवार थे, जिनमें से 14 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई. जबकि 52 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है.

हिमाचल में खाई में गिरी बस
बस हादसे में कई लोगों की मौत (ETV Bharat)

हादसे में 14 लोगों की मौत

सिरमौर एसपी एन.एस नेगी ने बताया, 'बस एक्सीडेंट में कई लोगों की मौत हो चुकी है. संगड़ाह, राजगढ़ और ददाहू से पुलिस एवं राहत दलों को मौके पर भेजा गया है. घटनास्थल पर बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है'.

सीएम ने जताया शोक

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर के हरिपुरधार के पास हुई बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की. वहीं, सीएम ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

घायलों को भेजा गया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला में रेफर किया गया है.

बस हादसे में कई लोग घायल
बस हादसे में कई लोग घायल (ETV Bharat)

बस में सवार थे 66 यात्री

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस में 66 यात्री सवार थे. ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.

राहत और बचाव कार्य जारी
राहत और बचाव कार्य जारी (ETV Bharat)

14 मृतकों की पहचान

  • हिमांशी पुत्री आशीष गांव चांजा, तहसील कुपवी, जिला शिमला
  • हीमा पत्नी जालम सिंह, गांव धौलत, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • सनम पुत्री संत राम, गांव पाब, सब-तहसील रोनहाट, जिला सिरमौर.
  • बलबीर सिंह, गांव बचेर का बाग, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर.
  • विलम सिंह पुत्र छाजू राम, गांव जुडू शिलान, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • प्रोमिला देवी पुत्री श्री कृपा राम, गांव चांजा, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • सूरत सिंह पुत्र श्री संगरू, गांव कांडा बाना, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • सुमन पुत्री श्री रण सिंह, गांव डौंची कोठियाना, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • रमेश पुत्र दाई सिंह, गांव बोरा, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • कियान पुत्र विलम, गांव नोहरा बोरा, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • रियांशी (9 साल) पुत्री दिलावर सिंह, गांव बोरा, तहसील कुपवी, जिला शिमला.
  • मोहन सिंह, निवासी चोरस नोहराधार
  • प्रियंका पुत्री धर्म सिंह, गांव पंजाह, उप तहसील हरिपुरधार.
  • एक महिला की पहचान नहीं हो पाई है.

डिप्टी सीएम ने जाना घायलों का हाल

हादसे के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती कराया गया. बस हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री घायलों से मिलने मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचे. इस दौरान डिप्टी सीएम ने हरिपुरधार बस हादसे में घायल एवं उपचाराधीन यात्रियों का कुशलक्षेम जाना.

इस मौके पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, 'इस हृदयविदारक दुर्घटना में 14 लोगों की दुःखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है. प्रशासन तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है. घायलों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करते हैं'.

PM ने जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. इसके साथ ही उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की.

बस हादसा अत्यंत दुखद: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि बस दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं. मैं घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया दुख

वहीं, इस हादसे पर रेणुका जी से विधायक और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने गहरा दुख जताया है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, 'अभी-अभी एक अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है कि हरिपुरधार में जीत कोच बस का एक गंभीर सड़क हादसा हो गया है. यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इससे हम सभी व्यथित हैं ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले. इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ा है'.

जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं से ली जानकारी

वहीं, हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी शोक जताया है. जेपी नड्डा ने कहा, 'इस कठिन समय में भाजपा पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले'. वहीं, उन्होंने बस हादसे को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से फोन पर स्थिति की जानकारी ली.

बस हादसे पर सांसद अनुराग ठाकुर ने गहरा दुख प्रकट किया. अनुराग ठाकुर ने कहा, 'मेरे देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के हरिपुरधार में एक निजी बस के गहरी खाई में पलटने से लोगों के दुखद निधन व कई यात्रियों के घायल होने की सूचना अत्यंत कष्टदायी है. मेरी संवेदनाएं इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों के साथ हैं. मैं इस हादसे के घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं'.

इसके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंन ने भी सिरमौर जिला के हरीपुरधार में हुई निजी बस दुर्घटना को अत्यंत दुखद, पीड़ादायक एवं हृदयविदारक बताया.

ये भी पढ़ें: धर्मशाला छात्रा मौत मामला: मेडिकल बोर्ड का गठन, टांडा के 5 डॉक्टर करेंगे जांच

Last Updated : January 9, 2026 at 10:09 PM IST