सारंडा में मुठभेड़ः नक्सलियों के हताहत होने की खबर, घायल अफसर-जवान का दिल्ली में होगा इलाज
झारखंड में सारंडा के जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ कई नक्सलियों के हताहत होने की सूचना है.

Published : March 1, 2026 at 4:36 PM IST
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार
रांचीः रविवार को सारंडा के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने की सूचना है. झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशन ने बताया कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है. वहीं मुठभेड़ में घायल हुए कोबरा के हेड कांस्टेबल और आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए असिस्टेंट कमांडेंट को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है.
विस्फोट के बाद मुठभेड़
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला में सारंडा के घने जंगलों में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है. पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी की अनुसार छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया. जिसमें कोबरा के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए. आनन-फानन में असिस्टेंट कमांडेंट को बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया.
इसी बीच नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कोबरा के हेड कांस्टेबल विक्रम यादव घायल हो गए. घायल हेड कांस्टेबल को भी तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घायल अधिकारी और जवान को देखने के लिए आईजी अभियान झारखंड और सीआरपीएफ आईजी अस्पताल पहुंचे. झारखंड पुलिस के आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जा रहा है.
बड़ी संख्या में नक्सलियों के हताहत होने की सूचना
आईजी अभियान डॉ. माइकल राज ने बताया कि पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कई नक्सली हताहत हुए हैं. इलाके में पुलिस के द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल अब तक किसी भी नक्सली की बॉडी नहीं मिल पायी है.
कैसे घटी घटना
सारंडा जंगल, जो नक्सलियों का प्रमुख गढ़ माना जाता है, यहां कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन) और अन्य सुरक्षाबल रविवार की सुबह सटीक सूचना पर कांबिंग के लिए निकले थे. नक्सलियों ने अचानक घात लगाकर हमला बोला, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ कार्रवाई की. इसी बीच मरांगपोंगा क्षेत्र में जमीन के अंदर लगाए गए आईईडी पर जवानों के चलने के दौरान धमाका हुआ. जिसमें सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए. विस्फोट के बाद नक्सली ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसमें हेड कांस्टेबल विक्रम यादव घायल हुए. बताया जा रहा है कि पुलिस और नक्सलियों के बीच में मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं और उनके हथियार भी बरामद किए गए हैं हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें- सारंडा में आईईडी विस्फोट: कोबरा के सहायक कमांडेंट घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची
इसे भी पढ़ें- सारंडा में आईईडी ब्लास्ट: कोबरा के दो जवान घायल, बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट
इसे भी पढ़ें- सारंडा में नक्सलियों की आर्थिक घेराबंदी, लॉजिस्टिक सपोर्ट पर ब्रेक लगाने के साथ मैन-टू-मैन मार्किंग शुरू

