ETV Bharat / bharat

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकियों का ठिकाना ध्वस्त, हथियारों का जखीरा बरामद

जांच की जा रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और उनका मकसद क्या था. शाहिद टाक की रिपोर्ट ...

Security forces during an encounter in Jammu and Kashmir.
जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बल. (file photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : August 31, 2026 at 6:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शोपियां (जम्मू कश्मीर): सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है. साथ ही एक संयुक्त अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है.

बरामद की गई चीजों में एके-47 राइफल, पिस्तौल, ग्रेनेड, मैगजीन और कई कारतूस शामिल हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर शोपियां के नाइकपोरा मेमंदर इलाके में चलाया गया. जम्मू-कश्मीर पुलिस, 44 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की एक टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया.

इलाके में सेब के एक बाग में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान, सुरक्षा बलों को एक संदिग्ध ठिकाने का सुराग मिला. उन्होंने कहा, "और तलाशी लेने पर, ठिकाने से एक एके-47 राइफल, दो एके-47 मैगज़ीन और 7.62 एमएम के 60 राउंड बरामद किए गए."

इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड और 9 एमएम के छह राउंड बरामद किए. बरामद हथियारों और गोला-बारूद को जब्त करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

सूत्रों ने बताया कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है.

एक अधिकारी ने कहा, "जांच टीमें यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह संदिग्ध ठिकाना किसी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन या उससे जुड़े लोगों से संबंधित था."

लगभग पांच दिन पहले, सुरक्षा बलों ने शोपियां में चेकपॉइंट पर जांच और तलाशी अभियान के दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से कथित तौर पर हिज्बुल मुजाहिदीन (HM) के हैंड ग्रेनेड, एके-47 राइफल की मैगजीन, मोबाइल फोन और पोस्टर बरामद किए गए.

ये भी पढ़ें- कश्मीरी पंडितों को फिर से आतंकी धमकी, एक चिट्ठी में निजी जानकारी सार्वजनिक की गई