प्रियंका गांधी ने परिवार संग किया रणथंभौर का भ्रमण, बेटे रेहान की मंगेतर अवीवा भी रही साथ
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा अपने परिवार के साथ विगत तीन दिनों से सवाई माधोपुर में हैं.

Published : January 1, 2026 at 7:27 PM IST
सवाई माधोपुर: प्रियंका गांधी ने गुरुवार को परिवार के साथ शाम की पारी में रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण कर बाघों सहित अन्य वन्यजीवों को देखा. प्रियंका गांधी वाड्रा अपने पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे रेहान व बेटे की मंगेतर अवीवा बेग और बेटी मिराया वाड्रा सहित अपने अन्य दोस्तों एवं मेहमानों के साथ चार अलग-अलग खुली जिप्सियों में सवार होकर रणथंभौर नेशनल पार्क भ्रमण पर गईं और टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया.
रणथंभौर भ्रमण के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रियंका गांधी वाड्रा एवं परिजन व मेहमान कड़ाके की ठंड के चलते सिर पर टोपा तथा मास्क लगाए नजर आए. पार्क भ्रमण पर आते व जाते वक्त प्रियंका गांधी व उनके परिजन गणेश धाम पर मीडिया से बचने के लिए चेहरा छिपाते दिखाई दिए. मीडिया के कैमरों से बचने के लिए वाड्रा परिवार के लोगों ने अपना चेहरा छिपाने का भरकस प्रयास किया. वाड्रा परिवार का काफिला पुलिस सुरक्षा में रणथंभौर स्थित होटल शेरबाग से निकला, जहां वे पिछले तीन दिनों से ठहरे हुए हैं.
होटल से निकलने के बाद प्रियंका गांधी के काफिले में सवार अन्य वाहन रणथंभौर के मुख्य प्रवेश द्वार गणेश धाम पर रुके और चार अलग-अलग खुली जिप्सियों में सवार वाड्रा परिवार व उनके मेहमान रणथंभौर नेशनल पार्क भ्रमण के लिए निकल गए. वाड्रा परिवार ने करीब 3 घंटे तक रणथंभौर में टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया. टाइगर सफारी के दौरान वाड्रा परिवार को रणथंभौर के जोन नंबर तीन में बाघिन रिद्धि टी-124 के दोनों टाइगर शावक देखने को मिले, जिन्हें देखकर प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा व उनके बच्चों सहित सभी मेहमान खासा रोमांचित नजर आए.
पढ़ें : नए साल का जश्न राजस्थान में मनाएंगे राहुल और प्रियंका, परिवार संग पहुंचे रणथंभौर
टाइगर सफारी का लुत्फ उठाने के बाद वाड्रा परिवार कड़ी सुरक्षा के बीच वापस होटल शेरबाग पहुंचा, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे. बताया जा रहा है कि वाड्रा परिवार शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होगा. जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी गुरुवार को सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे. ऐसे में राहुल गांधी ने रणथंभौर में टाइगर सफारी नहीं की और महज वाड्रा परिवार ने ही रणथंभौर में टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया.

