देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने ईटीवी भारत से की एक्सक्लूसिव बातचीत, बोलीं- नशे से दूर रहें युवा
भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है. उन्होंने ईटीवी भारत से एक्सक्लूसिव बातचीत की है.

Published : March 1, 2026 at 10:29 PM IST
हिसार से प्रवीण की रिपोर्ट
हिसारः हरियाणा के हिसार से विधायक और देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने ईटीवी भारत से एक्सक्लूसिव बातचीत की है. उन्होंने जहां हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ की है तो वही हरियाणा के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे नशे से दूर रहें.
हिसार मेरा परिवार : ईटीवी भारत ने जब पूछा कि वे हिसार के लिए क्या कुछ कर रही हैं तो इसका जवाब देते हुए सावित्री जिंदल ने कहा कि "मैं हिसार में रही हूं, हिसार मेरा परिवार है. मैं हिसार की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की कोशिश कर रही हूं. सड़कें बन रही हैं, पार्क बन रहे हैं. बच्चों के लिए जिम बन रहे हैं. साथ ही हिसार की सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश कर रही हूं."
युवाओं को रोजगार देने की कोशिश : सावित्री जिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार महिलाओं के लिए नमो ड्रोन दीदी समेत ढेर सारी योजनाएं चला रही हैं जिससे हरियाणा की महिलाओं को बहुत फायदा हो रहा है. सावित्री जिंदल के मुताबिक आज बेरोजगारी की बहुत समस्या है और ऐसे में वे युवाओं को अपनी ओर से रोजगार देने की पूरी कोशिश कर रही हैं.

हिसार के लोगों से सावित्री जिंदल की अपील : उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "साफ-सफाई बेहद जरूरी है, ऐसे में हिसार को साफ रखने में आप सभी मेरी मदद करें. साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि वे नशे से दूर रहें क्योंकि नशे से पूरा परिवार खत्म हो जाता है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के बजाय खेलकूद पर फोकस करना चाहिए जिसमें कैरियर की अपार संभावनाएं हैं.

"सीएम की तारीफ": विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है. प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक शहर और सेक्टर में नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. इसी कड़ी में सेक्टर-33 के पार्कों का ये नवीनीकरण कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा.

कौन हैं सावित्री जिंदल ? : हरियाणा के हिसार से विधायक सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला है. हरियाणा में पूर्व मंत्री के पद पर काम चुकी सावित्री जिंदल इस समय भाजपा समर्थित विधायक हैं. सावित्री जिंदल मशहूर जिंदल समूह की चेयरपर्सन है जो स्टील, पावर, सीमेंट और इन्फ्रास्ट्रक्चर में काम करता है. उनकी कुल संपत्ति 34.4 बिलियन डॉलर है. इसलिए वे देश की सबसे अमीर महिला है. उनका जन्म 20 मार्च (1950) को असम के तिनसुकिया में हुआ था. उनका विवाह हिसार के उद्योगपति ओमप्रकाश जिंदल के साथ हुआ था. जिंदल ने महिला शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए काफी काम किया है. पति की मृत्यु के बाद उन्होंने व्यवसाय और राजनीति में सफलता हासिल की है.

नवीन जिंदल है कुरुक्षेत्र से सांसदः विधायक सावित्री जिंदल के बेटे नवीन जिंदल वर्तमान में हरियाणा के कुरुक्षेत्र संसदीय सीट से बीजेपी सांसद है. नवीन जिंदल की शादी शालू जिंदल से हुई है, जो समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है.
2005 में हेलीकॉप्टर हादसे में ओम जिंदल की हुई थी मौतः सावित्री जिंदल के पति मंत्री ओम प्रकाश जिंदल की मृत्यु 31 मार्च 2005 में हेलीकॉप्टर में दुर्घटना में हुई थी, तब वे हरियाणा सरकार के ऊर्जा मंत्री थे.

