संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के नए अध्यक्ष
जिस बात की अटकलें काफी दिनों से लगायी जा रही थी. आखिरकार उसपर ब्रेक लग गया है. संजय सरावगी बिहार बीजेपी के नए अध्यक्ष बने.

Published : December 15, 2025 at 4:49 PM IST
पटना : भारतीय जनता पार्टी ताबड़तोड़ फैसला ले रही है. नितिन नबीन की ताजपोशी को 24 घंटे भी नहीं हुए थे भाजपा ने एक और बड़ा फैसला लिया. बिहार प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में संजय सरावगी की ताजपोशी कर दी गई. मतलब भारतीय जनता पार्टी पिछले दो दिनों में दो बड़े फैसले ले चुकी है. पहले नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया, अब संजय सरावगी के जिम्मे बिहार बीजेपी को चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पहले से लगाया जा रहा था कयास : केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इसकी जानकारी दी गई है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से पत्र निर्गत किया गया है. सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने संजय सरावगी को बिहार बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया. हालांकि इसकी चर्चा पहले से ही चल रही थी. क्योंकि जिस प्रकार से दिलीप जायसवाल को नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में जगह मिली थी उसके बाद से ही कयासों का बाजार गर्म था.

पहले से चल रही थी चर्चा : संजय सरावगी वैश्य समाज से आते हैं. इससे पहले वह सरकार में मंत्री भी हुआ करते थे. चूंकि इस बार के मंत्रिमडल में मिथिला के विधायकों को ज्यादा मंत्री नहीं बनाया गया था. इसके बाद से चर्चा थी कि मिथिला क्षेत्र के किसी नेता को पार्टी अध्यक्ष बना सकती है. आखिरकार उसपर मुहर लग गई है.
'मैं सबको साथ लेकर चलूंगा' : ईटीवी भारत ने पहले ही खबर प्रकाशित किया था जिसमें हमने बताया था कि संजय सरावगी को जिम्मेदारी मिल सकती है. ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान संजय सरावगी ने कहा कि, ''पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है. मैं सबको साथ लेकर चलूंगा और पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा.''
बधाई देने पहुंचे सम्राट चौधरी : संजय सरावगी के नाम के घोषणा के बाद उनके आवास पर आने वालों का तांता लग गया. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी संजय सरावगी के आवास पर पहुंचे और उन्हें बधाई दी मंगल पांडे भी मौके पर मौजूद रहे.
''मुझ पर भरोसा जताने के लिए केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार है. मैं विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा. संगठन को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता होगी. सबको साथ लेकर चलने का काम भी मैं करूंगा. सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आगे बढ़ने का काम करेंगे. कार्यकर्ताओं की बात सरकार तक कैसे पहुंचे इसे लेकर भी हम काम करेंगे.''- संजय सरावगी, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष, बिहार बीजेपी

'नितिन नबीन के नेतृत्व में BJP और आगे बढ़ेगी' : नितिन नबीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के सवाल को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन जैसे कार्यकर्ता को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. यह हम लोगों के लिए प्रसन्नता की बात है. हम लोग मिलकर काम करेंगे. बिहार में संगठन को मजबूत करेंगे. नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा और आगे बढ़ेगी.
दिलीप जायसवाल की जगह अब संजय सरावगी लेंगे : वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल वैश्य समाज से आते थे. पार्टी ने वैश्य समुदाय के नेता को ही अध्यक्ष पद की कमान सौंपी है. दिलीप जायसवाल बिहार सरकार में मंत्री बन चुके हैं और भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत है. दिलीप जायसवाल के मंत्री बनने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि प्रदेश अध्यक्ष के पद पर किसी और को मौका मिलेगा.
श्री संजय सरावगी जी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। श्री संजय सरावगी जी हमारे साथ मंत्रिमंडल में सहयोगी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वे 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। इस नई जिम्मेदारी के लिए उनको हार्दिक शुभकामनाएं।…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) December 15, 2025
CM नीतीश कुमार ने दी शुभकामना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, संजय सरावगी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. संजय सरावगी हमारे साथ मंत्रिमंडल में सहयोगी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं. वे 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं. इस नई जिम्मेदारी के लिए उनको हार्दिक शुभकामनाएं.
ये भी पढ़ें :-

