चूरू पुलिस का बड़ा एक्शन: जम्मू-कश्मीर की हाई सिक्योरिटी जेल से भागे दो कैदी पकड़े, रास्ते में की थी लूटपाट
सादुलपुर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर की हाई सिक्योरिटी जेल से फरार पॉक्सो एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Published : August 26, 2026 at 4:35 PM IST
सादुलपुर: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सादुलपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने जम्मू-कश्मीर की हाई सिक्योरिटी जेल से फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर में पॉक्सो एक्ट के मामलों में जेल में बंद थे. जेल से फरार होने के बाद वे पुलिस को चकमा देकर अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे.
लगातार ठिकाने बदलते रहे: ASP रिछपाल सिंह चारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अहमद गुर्जर निवासी जम्मू-कश्मीर और फरमान निवासी राजगढ़ शामिल हैं. दोनों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में पॉक्सो एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. जेल से भागने के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाकर कई स्थानों पर शरण ली और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे. पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कई राज्यों से होते हुए सादुलपुर क्षेत्र पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें- पुलिस हिरासत से फरार बदमाश 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल निलंबित
रास्ते में लूटपाट भी की: ASP ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि फरारी के दौरान उन्होंने रास्ते में लूटपाट की वारदातों को भी अंजाम दिया था. सादुलपुर पुलिस को जैसे ही आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिली, उनकी तलाश तेज कर दी गई. पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया और आखिरकार दोनों को दबोच लिया.
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी: यह पूरी कार्रवाई ASP रिछपाल सिंह चारण एवं IPS अभिजीत पाटिल के सुपरविजन में की गई. थाना प्रभारी राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में उनके जेल से फरार होने की पूरी कहानी, फरारी के दौरान उन्हें शरण देने वाले लोगों और रास्ते में की गई लूटपाट की वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है. आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए तीन राज्यों की सीमाएं पार की थीं, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उन्हें सादुलपुर में दबोच लिया.
इसे भी पढ़ें- उदयपुर में पत्नी का हत्यारा पति चार महीने बाद जंगल से गिरफ्तार, धौलपुर में मिला सड़ा-गला अज्ञात शव

