ETV Bharat / bharat

Roshan Anand Bail: रौशन आनंद को मिली जमानत, खान सर कोच‍िंग विवाद में गए थे जेल

खान सर कोचिंग विवाद मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को जमानत मिली. सोमवार को कोर्ट ने बेल को मंजूरी दी.

Roshan Anand Gets Bail
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद (Social Media)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 15, 2026 at 9:15 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को जमानत मिल गयी है. सोमवार को कोर्ट ने जमानत अर्जी पर सुनवाई पूरी करते हुए बेल को मंजूरी दी. इससे पहले लगातार दो बार इस मामले पर सुनवाई टल चुकी थी, जिसके कारण हर किसी की निगाहें इस फैसले पर टिकी हुई थीं.

खान सर कोचिंग विवाद में थे आरोपी: रौशन आनंद खान सर कोचिंग से जुड़े विवाद और मारपीट के मामले में आरोपी थे. इन पर कोचिंग पर हमला कराने और गार्ड के साथ मारपीट कराने का आरोप लगा था. इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर बेउर जेल भेज दिया था. 12 दिनों के बाद रौशन आनंद जेल से रिहा होंगे. जेल से रिहा होने के बाद वे सीधे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार के लिए सहरसा रवाना होंगे.

सीनियर वकील रमाकांत शर्मा (ETV Bharat)

वकील ने कोर्ट में रखा पक्ष: पटना हाई कोर्ट के सीनियर वकील रमाकांत शर्मा ने कहा कि गुरु हैं, गुरु की तरह व्यवहार करें खान और रौशन आनंद. कोर्ट ने सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों से कहा कि दोनों टीचर हैं, हेल्दी कम्पीटिशन करें, क्रिमिनल एक्टिविटी में इन्वॉल्व न हों. रौशन आनंद के वकील ने कहा, "रौशन घटना में शामिल नहीं थे. खान ने हम पर अगर षड्यंत्र का आरोप लगाया तो बॉडीगार्ड की फायरिंग वाली बात क्यों छिपाई?.

"रौशन आनंद को जमानत मिल गयी है. एडिशनल जज-33 के कोर्ट में इसको लेकर बहस हुई. जो रौशन आनंद के खिलाफ केस दर्ज है, अगर उसे एक्सेप्ट भी किया जाए तो भी रौशन आनंद उस घटना में शामिल नहीं हैं. FIR में कहा गया कि खान सर के कोचिंग पर हमले में रौशन आनंद का हाथ है तो उस बात को क्यों छिपाया गया, जिसमें खान सर के गार्ड ने फायरिंग की थी." -रमाकांत शर्मा, सीनियर वकील

Roshan Anand Gets Bail
ईटीवी भारत GFX (ETV Bharat)

भाई प्रिंस यादव की मौत: रविवार को रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के एक होटल के कमरे से बरामद किया गया था. संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर आयी थी, जिसकी जांच पुलिस कर रही है. नेपाल में मौजूद प्रिंस के साथी को पुलिस ने हिरासत में लिया है. प्रिंस यादव का शव सहरसा जिला के धमसेना पैतृक गांव लाया गया है. परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जाएगा. घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

Roshan Anand Gets Bail
ईटीवी भारत GFX (ETV Bharat)

जानिए क्या है पूरा मामला: 2 जून की रात खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था. खान सर ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद पर हमला कराने और फायरिंग का आरोप लगाया था. इसके बाद रौशन आनंद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर रौशन आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ मारपीट की घटना कैद हुई थी. फायरिंग नहीं की गयी थी.

दोनों शिक्षक के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई: इसके दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज सामने आता है, जिसमें खान सर के गार्ड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर खान सर के दो गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि खान सर के कहने पर गोली चलायी थी. इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ केस दर्ज किया और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी.

Roshan Anand Gets Bail
खान सर और रौशन आनंद (ETV Bharat)

दोनों शिक्षक को जमानत मिली: हालांकि खान सर फरार चल रहे थे. 9 जून को पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और उन्हें अग्रिम जमानत दे दी. लेकिन, रौशन आनंद बेउर जेल में बंद थे. कई बार सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. सोमवार 15 जून को पटना सिविल कोर्ट ने रौशन आनंद को जमानत दे दी. कोर्ट ने दोनों शिक्षक को चेताया है कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय अपराधिक घटनाओं में शामिल ना हो.

ये भी पढ़ें:

ज्ञान बिंदू के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई की मौत..खान ग्लोबल कोचिंग मामले में था फरार

खान सर बनाम रौशन आनंद विवाद, क्यों याद आई 16 साल पुरानी घटना?

खान सर को बड़ी राहत, पटना सिविल कोर्ट से फायरिंग मामले में गिरफ्तारी पर लगी रोक