ETV Bharat / bharat

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में 4 आरोपी धरे गए, क्या पुणे बन रहा बिश्नोई गैंग का नया ठिकाना?

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. सभी को पुणे से गिरफ्तार किया गया.

Rohit Shetty residence firing case
रोहित शेट्टी. (File) (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : February 2, 2026 at 2:47 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंबईः फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग कर भागने वाले चार संदिग्ध आरोपियों को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है. मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण, मुंबई पुलिस ने रविवार देर रात सभी आरोपियों को मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने सभी को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

कौन हैं ये आरोपी?

मुंबई पुलिस के अनुसार, पुणे की वारजे पुलिस की एक टीम ने वारजे, कर्वे नगर, धायरी और नऱ्हे इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाकर चार लोगों को हिरासत में लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धायरी से स्वप्निल बंडू साकट (23 साल), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20 साल) और समर्थ शिवशंकर पोमाजी (18 साल) शामिल हैं. जबकि आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ (19 साल) को कर्वे नगर से पकड़ा गया.

इनका एक साथी शुभम लोंकर अभी भी फरार है. जांच में यह भी सामने आया है कि वारजे इलाके का रहने वाला गैंगस्टर शुभम लोंकर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी शामिल था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि शुभम लोंकर ने ही बाबा सिद्दीकी के हत्यारों को पनाह दी थी. इस घटना के बाद से ही शुभम लोंकर गायब है और पुलिस को अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है.

Rohit Shetty residence firing case
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी. (ETV Bharat)

बिशनोई गैंग से संबंध होने से इंकार

पुणे से गिरफ्तार चारों आरोपियों को मुंबई पुलिस ने रविवार रात 10:20 बजे एक विशेष अवकाशकालीन अदालत में पेश किया और आगे की जांच के लिए उनकी रिमांड मांगी. मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.

आरोपियों के वकील अजय दुबे ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि, "इन आरोपियों को पुलिस ने केवल संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया है. इनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और न ही इन्होंने कोई फायरिंग की है. सिर्फ इतनी जानकारी है कि आरोपी नंबर 1 शुभम लोंकर के संपर्क में था, जिन्होंने वास्तव में फायरिंग की, वे अब तक पकड़े नहीं गए हैं."

वकील ने आगे कहा, "इन लोगों को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है. यहां तक कि उन्हें यह भी नहीं पता था कि ऐसा कुछ होने वाला था. सभी आरोपी जांच में सहयोग कर रहे हैं. आरोपियों ने वाहन तो उपलब्ध कराया था, लेकिन उन्हें इस साजिश की भनक तक नहीं थी. इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया है."

क्या हुआ था?

मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात पिस्टल से फायरिंग की घटना हुई. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बॉलीवुड और मुंबई में हड़कंप मच गया. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक क्लिप जारी कर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी.

घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज किया गया और मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने जुहू इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें हमलावर मोटरसाइकिल पर भागते हुए दिखाई दिए. पुलिस को जानकारी मिली कि ये सभी फरार आरोपी पुणे के वारजे इलाके में छिपे हुए हैं. इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने तुरंत पुणे पुलिस को इसकी सूचना दी और कार्रवाई शुरू की.

क्या पुणे अपराध का नया केंद्र बन रहा है?

जैसे ही यह खुलासा हुआ कि लोंकर और उसके साथियों के तार बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं, पुणे और मुंबई पुलिस ने कई जगहों पर उसकी तलाश शुरू कर दी. पुणे पुलिस की एक टीम पहले भी पंजाब और हरियाणा में लोंकर को ढूंढने की कोशिश कर चुकी है, लेकिन वह अब तक हत्थे नहीं चढ़ा है. शुरुआती जांच में पता चला है कि रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले संदिग्ध भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं.

बांद्रा में हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी बिश्नोई गैंग का हाथ सामने आया था और अब तक इस मामले में 18 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. इन आरोपियों को भी शुभम लोंकर ने ही पनाह दी थी. सिद्दीकी हत्याकांड के बाद अब रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग करने वाले संदिग्धों का भी पुणे से होना सामने आया है.

इससे पहले, 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी पंजाब पुलिस ने पुणे के मंचर इलाके से गैंगस्टर संतोष जाधव, सिद्धेश कांबले उर्फ महाकाल और तेजस कैलाश शिंदे को गिरफ्तार किया था. हाल ही में पिंपरी के एक बिजनेसमैन को भी बिश्नोई गैंग ने रंगदारी के लिए धमकाया था, जबकि एक साल पहले इलाके के एक बिल्डर को भी ऐसी ही धमकी मिली थी.

इसे भी पढ़ेंः WATCH: फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर धांय-धांय चली गोलियां, मुंबई पुलिस ने दिया लेटेस्ट अपडेट