ETV Bharat / bharat

जयपुर में तेज रफ्तार ट्रोले ने सड़क किनारे बैठे परिवार को रौंदा, 4 की मौत, शव के टुकड़े हुए

हादसे में घायल महिला का सवाई मानसिंह अस्पताल में चल रहा है इलाज.

जयपुर में सड़क हादसा
जयपुर में सड़क हादसा (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 7, 2026 at 10:33 AM IST

|

Updated : July 7, 2026 at 12:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजधानी जयपुर में आज मंगलवार सुबह एक भीषण हादसे में तीन बच्चों और उनके पिता की मौत हो गई. महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है. यह हादसा जयपुर के श्याम नगर थाना इलाके में 200 फीट बाईपास के पास हुआ है, जहां एक दंपती और तीन बच्चे जैतपुरा जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे. इस दौरान एक बेकाबू ट्रोले ने सभी को कुचल दिया.

तीनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि माता-पिता को गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. यहां पिता ने भी दम तोड़ दिया. हादसे में घायल महिला का उपचार चल रहा है. श्याम नगर थाना पुलिस के अलावा विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. श्याम नगर थाने के हेड कांस्टेबल रामनरेश गुर्जर ने बताया कि 48 वर्षीय चंद्रशेखर अपनी पत्नी कैलाशी (44) और अपने तीन बच्चों के साथ सड़क किनारे गाड़ी का इंतजार कर रहा था. इन सभी को जैतपुरा जाना था. इस दौरान एक बेकाबू ट्रोले ने इन्हें कुचल दिया.

इसे भी पढ़ें: स्कूल बस से आमने-सामने भिड़ी स्लीपर बस, कांच चकनाचूर, टला बड़ा हादसा

हादसे में तीन बच्चों रमेश, दीपक और रतन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रप्रकाश और कैलाशी गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चंद्रप्रकाश ने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल, गंभीर रूप से घायल कैलाशी का उपचार चल रहा है. पुलिस ने चारों शवों को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे.

ट्रोले की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह रेलिंग तोड़ते हुए आया और दंपती व उनके बच्चों को कुचल दिया. इसके बाद ट्रोला नाले में फंस गया. घायल और मृतक भी नाले में गिर गए. घटना की जानकारी मिलने पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. नाले में फंसे वाहन को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया है. यह हादसा इतना भयावह था कि एक बच्चे के शव के टुकड़े हो गए. पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. कमिश्नर सचिन मित्तल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.

जयपुर में दर्दनाक हादसा (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

दिल्ली से जयपुर जा रहा था पीओपी भरा ट्रोला : एडिशनल डीसीपी (जयपुर दक्षिण) ललित किशोर शर्मा ने बताया, यह घटना मंगलवार सुबह करीब पौने 9 बजे की है. प्लास्टर ऑफ पेरिस से भरा एक ट्रोला दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा था. हादसा 200 फीट बाईपास के पास हुआ. बागरिया समुदाय का एक परिवार वहां एक वाहन का इंतजार कर रहा था. इनमें पति, पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे थे. ट्रोले ने इन्हें कुचल दिया.

राजसमंद के रहने वाले घायल और मृतक : प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि परिवार राजसमंद निवासी है और जैतपुरा जाने के लिए साधन का इंतजार कर रहा था. इस दौरान हादसा हो गया. हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई. इनकी उम्र 8 से 10 साल के बीच है. अस्पताल में उपचार के दौरान पिता ने भी दम तोड़ दिया. चालक फरार है. वह शराब के नशे में था या किसी और कारण से हादसा हुआ. यह जांच में सामने आएगा.

Last Updated : July 7, 2026 at 12:20 PM IST