साबरमती की तर्ज पर फरीदाबाद में चमचमाएगा रिवर फ्रंट, यमुना किनारे बनेगा, खूबसूरती के साथ मिलेंगी शानदार सुविधाएं
हरियाणा के फरीदाबाद में साबरमती की तर्ज पर यमुना किनारे रिवर फ्रंट बनाया जाएगा.

Published : September 2, 2026 at 7:15 PM IST
फरीदाबाद : औद्योगिक शहर फरीदाबाद में यमुना का किनारा आने वाले समय में शहरवासियों के लिए मनोरंजन और पर्यटन का नया ठिकाना बन सकता है. फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) की ओर से यमुना किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की तैयारी की जा रही है. प्रस्तावित परियोजना में लोगों के घूमने के लिए वॉक-वे, साइकिल ट्रैक, पार्क, घाट और बोटिंग जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. बच्चों के लिए मनोरंजन के साधन और पर्याप्त हरित क्षेत्र भी तैयार किया जाएगा.
परिवार के साथ समय बिता सकेंगे लोग : FMDA अधिकारियों के मुताबिक परियोजना को एक साथ पूरा करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य यमुना के किनारे ऐसा सार्वजनिक स्थान तैयार करना है, जहां शहर के लोग परिवार के साथ समय बिता सकें. रिवर फ्रंट विकसित होने के बाद लोगों को पिकनिक और मनोरंजन के लिए दिल्ली या गुरुग्राम जाने की जरूरत कम पड़ सकती है. इससे फरीदाबाद में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आसपास के कारोबार को भी फायदा होने की संभावना है.
साबरमती की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी : FMDA की योजना में अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर यमुना किनारे सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना की गई है. हालांकि फरीदाबाद के प्रोजेक्ट में स्थानीय जरूरतों और यमुना के बाढ़ क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए विकास किया जाएगा. नदी के आसपास हरियाली बढ़ाने और अतिक्रमण रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.

हरियाली पर रहेगा जोर : FMDA के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी ने बताया कि यमुना किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यहां बच्चों के लिए झूले, पार्क, साइकिल ट्रैक और अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है. पूरे क्षेत्र में हरियाली पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि लोगों को मनोरंजन के साथ बेहतर वातावरण मिल सके. फिलहाल प्रोपोज़ल को मंजूरी मिली है, लेकिन इसे बनाने में कितना खर्च आएगा और बजट क्या रहेगा, ये अभी तक तय नहीं है.

दूषित पानी रोकना भी बड़ी चुनौती : रिवर फ्रंट के साथ यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए औद्योगिक पानी के उपचार की योजना पर भी काम किया जा रहा है. यमुना एक्शन प्लान के तहत जिले में कुल 90 एमएलडी क्षमता के तीन कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) प्रस्तावित हैं. इनमें प्रतापगढ़ में 50 एमएलडी, मिर्जापुर में 25 एमएलडी और बादशाहपुर में 15 एमएलडी क्षमता का प्लांट शामिल है. तीनों परियोजनाओं पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पहले चरण में बादशाहपुर में 15 एमएलडी क्षमता का CETP तैयार करने की योजना है. इसके लिए नगर निगम की लगभग छह एकड़ जमीन पर मौजूद पुराने एसटीपी को हटाकर नया प्लांट बनाने का प्रस्ताव है. जमीन नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि निर्माण की लागत एचएसआईआईडीसी द्वारा वहन की जाएगी.

30 हजार उद्योगों से निकलता है औद्योगिक अपशिष्ट : फरीदाबाद में करीब 30 हजार औद्योगिक इकाइयां हैं. इनमें कई ऐसे उद्योग भी हैं, जहां रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल होता है. इन औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले दूषित पानी की मात्रा 60 एमएलडी से अधिक बताई जा रही है. बादशाहपुर में बनने वाले CETP में शुरुआती स्तर पर डीएलएफ औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले पानी को पहुंचाने की योजना है. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के उद्योगों से निकलने वाले सीवेज और डिस्चार्ज का आंकलन किया जा रहा है. ट्रीटमेंट के बाद पानी को दोबारा उपयोग में लाने की संभावना है. इससे आगरा नहर और यमुना में जाने वाले प्रदूषित पानी की मात्रा कम हो सकती है. साथ ही किसानों को ट्रीटेड पानी उपलब्ध कराने और भूजल प्रदूषण के खतरे को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

पर्यावरण और पर्यटन दोनों पर फोकस : FMDA की योजना में रिवर फ्रंट को सिर्फ घूमने-फिरने की जगह बनाने के बजाय यमुना के आसपास के पर्यावरण को बेहतर करने का भी लक्ष्य रखा गया है. बाढ़ क्षेत्र को अतिक्रमण से बचाने, हरित पट्टी विकसित करने और नदी किनारे अनियोजित निर्माण को नियंत्रित करने पर जोर रहेगा.

फरीदाबाद की खूबसूरती बढ़ेगी : राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार फरीदाबाद को आधुनिक और बेहतर शहर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की दिशा में विभिन्न विभागों के स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं. FMDA की ओर से यमुना किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की तैयारी भी इसी योजना का हिस्सा है. इससे फरीदाबाद की खूबसूरती बढ़ने के साथ लोगों को शहर में ही बेहतर मनोरंजन और सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकेंगी.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद-बल्लभगढ़ से पलवल का सफर होगा आसान, आगरा नहर के दोनों किनारों पर बनेगी 40 किमी सड़क
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद में 93 करोड़ की लागत से बने नर्सिंग कॉलेज, लेकिन उद्घाटन के बाद भी शुरू नहीं हुई पढ़ाई, आखिर कौन है जिम्मेदार?
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद से दिल्ली अब और आसान, घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा, बदरपुर-आश्रम के जाम से भी मिलेगी राहत

