ETV Bharat / bharat

अमेरिका में तिरंगे के अपमान पर रिजिजू की खालिस्तानियों को कड़ी चेतावनी, ये तुम्हें बहुत महंगा पड़ेगा

केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा, 'ध्यान से सुनिए, हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान न करें. इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.'

RIJIJU WARNS NEW YORK PROTESTERS
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (फाइल फोटो) (ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : August 31, 2026 at 8:58 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को न्यूयॉर्क में उस जगह के बाहर भारतीय झंडे का कथित तौर पर अपमान करने वाले प्रदर्शनकारियों पर कड़ी आपत्ति जताई, जहां आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विरोध प्रदर्शन का एक कथित वीडियो पोस्ट करते हुए रिजिजू ने कहा, 'हमने हमेशा कहा है कि आपको आरएसएस , बीजेपी या सरकार की आलोचना करने की आजादी है लेकिन हमारे देश का अपमान न करें.'

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'ध्यान से सुनिए, हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान न करें. इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.' रिजिजू द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में न्यूयॉर्क में मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर एक प्रदर्शनकारी भारतीय झंडे का अपमान करता हुआ दिख रहा है, जबकि अन्य लोग खालिस्तान-समर्थक नारे लगा रहे हैं.

मैडिसन स्क्वायर गार्डन के मशहूर इन्फोसिस थिएटर में शनिवार को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के 6,000 से ज़्यादा सदस्यों और अलग-अलग धर्मों के नेताओं को संबोधित करते हुए, भागवत ने विविधता को अपनाने और समुदायों का समर्थन करने का जोरदार आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारत के डीएनए में है और इसे मनाया जाना चाहिए. इसका सम्मान किया जाना चाहिए और इसे स्वीकार किया जाना चाहिए. भागवत के मुख्य भाषण से पहले, अलग-अलग धर्मों के नेताओं ने एकता, विविधता, दया, करुणा और एक-दूसरे की मदद करने की जरूरत के संदेश पर जोर दिया.

वक्ताओं में रैबिनिकल असेंबली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रब्बी जैकब ब्लुमेंथल, न्यूयॉर्क शहर के ऐतिहासिक रिवरसाइड चर्च की आठवीं सीनियर मिनिस्टर और इस पद पर रहने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला रेवरेंड एड्रिएन थॉर्न, और वाशिंगटन, डीसी में ऐतिहासिक मस्जिद मुहम्मद (जिसे 'नेशन की मस्जिद' भी कहा जाता है) के अध्यक्ष और इमाम तालिब एम शरीफ शामिल थे. मोहन भागवत ने अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के अपने तीन देशों के ग्लोबल आउटरीच दौरे के पहले चरण के तहत मैडिसन स्क्वायर गार्डन में 'यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन' को संबोधित किया.

ये भी पढ़ें- टोरंटो में मोहन भागवत ने कहा- भारत 'महाशक्ति' नहीं, बल्कि 'विश्वगुरु' है