रीवा में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत, बल्कर से भिडंत के बाद तालाब के पास गिरी बस
रीवा के गुढ में बड़ा हादसा, बस और बल्कर की आमने सामने टक्कर, मोहन यादव ने किया 2 लाख की मदद का ऐलान. राकेश सोनी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 9:48 PM IST
|Updated : September 2, 2026 at 9:57 PM IST
रीवा: मध्य प्रदेश में बुधवार की देर शाम रीवा-सीधी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में रीवा से सीधी की ओर जा रही पवन ट्रेवल्स की बस और सीधी से रीवा की ओर आ रही बल्कर (डंपर) के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कुछ दूरी पर जाकर बल्कर पलट गया और बस एक तालाब के किनारे जा पलटी. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई. बताया जा रहा है इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं.
रीवा के गुढ में भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर तकरीबन 3:30 बजे पवन ट्रेवल्स की बस यात्रियों को लेकर सीधी जिले के लिए रवाना हुई थी. करीब 2 घंटे के बाद बस जैसे ही बदवार के पास पहुंची तभी सामने की ओर से आ रहे अनियंत्रित बल्कर और बस के बीच आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी की हादसे के बाद बल्कर कुछ दूरी पर जाकर पलट गया. जबकि, बस कुछ मीटर दूर जाकर तालाब के पास पलट गई. जानकारी के मुताबिक बस में तकरीबन 25 से भी अधिक यात्री सवार थे. सड़क दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. 3 यात्रियों को ICU वार्ड में भर्ती किया गया हैं.
आज रीवा-सीधी हाईवे पर बस और बल्कर की टक्कर में हुई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 2, 2026
मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये…
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दु:ख
रीवा सीधी मार्ग पर हुए बस हादसे में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवेदना प्रकट करते हुए "मृतकों के परिजनों को 2 लाख और गंभीर घायलों को 1 लाख रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की है.
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में हो रहा घायलों का इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई. तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया. घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया. वहीं, प्रसाशनिक टीम मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है. पुलिस की टीम ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर बल्कर के विपरीत दिशा से आकर बस से टक्कर होने की संभावना जताई जा रही हैं. हालांकि, घटना की विस्तृत जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा.

हादसे को लेकर रीवा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि " हादसे में 16 यात्रियों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया है. जिसमें से तीन की हालत गंभीर है उन्हें आईसीयू वार्ड में रखा गया है."
ये भी पढ़ें:
- बीएसएनल फैक्ट्री में गिरी दीवार, 2 मजदूरों की मौत, पुराना शेड तोड़ने के दौरान हादसा
- राजगढ़ के ब्यावरा में भीषण हादसा, ब्रिज वॉल से टकराई तेज रफ्तार बस, बेंगलुरु के SI समेत 4 की मौत
घायल महिला ने कहा बल्कर की टक्कर के बाद पलटी बस
हादसे में घायल महिला यात्री मनबसुआ साकेत ने बताया कि "बस रीवा से सीधी जा रही थी. गुढ के समीप हादसा हुआ है बल्कर की टक्कर के बाद बस पलट गई. कई यात्री गंभीर हैं जबकि कुछ लोगों की मौत हुई है."
एसडीएम अनुराग तिवारी ने 3 मौत की पुष्टि की है
वहीं घटना को लेकर एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि "रीवा सीधी रोड में गुढ तहसील के पास बदवार में एक हादसा हुआ है. बस और बल्कर के बीच आमने सामने की भिड़ंत हुई है. घायल यात्रियों को रीवा लाकर उनका इलाज किया जा रहा है. हादसे में कई अब तक 2 से 3 यात्रियों के मौत की सूचना हैं".

