कोच्चि: IITM प्रदर्शनी में रामोजी फिल्म सिटी का पवेलियन, विजिटर्स में दिखा खासा उत्साह
कोच्चि के IITM में पहली बार रामोजी फिल्म सिटी का पवेलियन खुला है. यहां विजिटर्स अलग-अलग टूर पैकेज की जानकारी हासिल कर सकते हैं.

Published : January 8, 2026 at 10:30 PM IST
एर्नाकुलम (केरल): प्रमुख यात्रा और पर्यटन प्रदर्शनी इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट (IITM) गुरुवार 8 जनवरी से केरल के कोच्चि में राजीव गांधी इनडोर स्टेडियम में शुरू हुई. इसका मुख्य फोकस दीर्घकालिक पर्यटन और भविष्य के ट्रैवल ट्रेंड्स को बढ़ावा देना है. इस प्रदर्शनी में 15 से अधिक राज्यों और कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को प्रतिनिधित्व करने वाले 100 से ज्यादा प्रदर्शकों (Exhibitors) ने हिस्सा लिया.
प्रदर्शनी में अलग-अलग प्रतिभागियों में, हैदराबाद स्थित विश्व प्रसिद्ध रामोजी फिल्म सिटी (RFC) का पवेलियन आकर्षण का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है. कोच्चि के आईआईटीएम में अपनी शुरुआत करते हुए, दुनिया के सबसे बड़े फिल्म स्टूडियो कॉम्प्लेक्स को पहले ही ट्रैवल एजेंसियों और टूर ऑपरेटरों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल चुका है.

रामोजी फिल्म सिटी में ट्रैवल ट्रेड और एजुकेशनल सेल्स के डिप्टी मैनेजर, अलिफ हुसैन ने कहा कि RFC के पवेलियन में पूछताछ की भरमार है, खासकर हमारे अलग-अलग टूर पैकेज और रहने की सुविधाओं के बारे में.
प्रदर्शनी में रामोजी फिल्म सिटी का प्रमोशनल फोकस बजट-फ्रेंडली डॉरमेट्री स्टे से लेकर उच्च विलासिता वाले लग्जरी होटल तक, कई तरह के विकल्प दिखा रहा है. यहां नॉर्मल डे टूर, AC लग्जरी टूर और स्कूल और कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए स्पेशल पैकेज जैसे अलग-अलग विकल्प के बारे में आगंतुकों का बताया गया, जिसमें खाना और रहने की सुविधा शामिल है.

इस साल की एक खास बात 'मायालोकम' का इंट्रोडक्शन है, जो मशहूर फिल्म सेट के छोटे-छोटे डिजाइन वाला एक आकर्षण है. साथ ही नए लॉन्च किए गए इको-फ्रेंडली ग्लैम्पिंग टेंट भी हैं. टूर ऑपरेटर्स ने बाहुबली, पुष्पा और सालार जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के आइकॉनिक सेट के साथ-साथ 'साहसम'(Sahasam) - एशिया का सबसे बड़ा एडवेंचर पार्क - बटरफ्लाई पार्क और बर्ड पार्क जैसे अन्य बड़े आकर्षण को एक्सप्लोर करने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है.

हुसैन ने केरल मार्केट की अहमियत पर जोर दिया, और बताया कि राज्य से हर साल 35,000 से ज्यादा पर्यटक रामोजी फिल्म सिटी आते हैं. क्षेत्रीय यात्रा उद्योग के साथ रिश्ते और मजबूत करने के लिए, फिल्म सिटी ने एजेंसियों के लिए एक खास ट्रैवल पोर्टल शुरू किया है, ताकि वे खास ऑफर के साथ बुकिंग और कमीशन मैनेज कर सकें.
फिलहाल रामोजी फिल्म सिटी में विंटर फेस्ट सीजन चल रहा है, जो 1 फरवरी तक चलेगा, जिससे पर्यटक रात 9:00 बजे तक सुविधाओं का मजा ले सकेंगे.

रामोजी फिल्म सिटी की सिनेमाई शान के अलावा, इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट प्रदर्शनी में ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और मेघालय जैसे राज्यों के खास पवेलियन भी हैं. 10 जनवरी तक चलने वाली तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी ट्रैवल ट्रेड और आम जनता दोनों के लिए एक अहम नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म का काम करती है.
यह भी पढ़ें- रामोजी फिल्म सिटी में 'विंटर फेस्ट' का शानदार आगाज, पर्यटकों का उत्साह चरम पर

