भंग हो राम मंदिर ट्रस्ट, मामले की हो न्यायिक जांच, चंदा चोरी मामले में कांग्रेस की बड़ी मांग
आलोक शर्मा ने कहा धार्मिक आस्था से जुड़े इतने गंभीर मामलों पर देश के प्रधानमंत्री को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 7, 2026 at 3:53 PM IST
ऋषिकेश: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय मामलों और बदरीनाथ धाम में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किये हैं.
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कांग्रेस लगातार उत्तराखंड की जनता के सामने उन मुद्दों को रख रही है, जिनमें भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में गंभीर वित्तीय गड़बड़ियां हुई हैं. इसमें शामिल लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. जिससे सच्चाई जनता के सामने आ सके.
कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग की. उन्होंने कहा पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान (सिटिंग) न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए. उनका कहना था कि जब तक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक लोगों के मन में उठ रहे सवालों का समाधान नहीं हो सकेगा.
आलोक शर्मा ने बदरीनाथ धाम में कथित तौर पर सामने आए चढ़ावे और अन्य वित्तीय अनियमितताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा इस मामले में भी सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इतने गंभीर मामलों पर देश के प्रधानमंत्री को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि चढ़ावे की कथित चोरी और अनियमितताओं से जुड़े मामले में संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए. साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाये.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के पक्ष में है. किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा यदि सरकार इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस राज्यभर में जनआंदोलन चलाकर जनता के बीच इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी.
पढ़ें- बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के खिलाफ विधायक बुटोला का मौन व्रत, BKTC अध्यक्ष को हटाने की मांग
पढ़ें- बदरीनाथ धाम के गर्भगृह में स्पाई कैमरा लेकर घुसा श्रद्धालु, पुलिस ने कर दिया चालान
पढ़ें- चढ़ावा चोरी रोकने के लिए हरिद्वार के सिद्ध मंदिर में विशेष कमेटी का गठन, पुजारियों को दिलाई गई शपथ

