ETV Bharat / bharat

कांग्रेस ने विनोद जाखड़ को बनाया NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष, पहली बार राजस्थान से किसी कार्यकर्ता को मिली कमान

राजस्थान के युवा नेता विनोद जाखड़ को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

विनोद जाखड़
विनोद जाखड़ (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 3:00 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए राजस्थान के युवा नेता विनोद जाखड़ को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है. ये नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी. इस संबंध में शुक्रवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जानकारी सार्वजनिक की गई, अब तक एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर वरुण चौधरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

राजस्थान के लिए ऐतिहासिक पल: एनएसयूआई के इतिहास में ये पहला अवसर है जब राजस्थान से किसी कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. विनोद जाखड़ वर्तमान में राजस्थान एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और छात्र राजनीति में रहते हुए राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भी रहे. राजस्थान में छात्र आंदोलन, संगठन विस्तार और कैंपस मुद्दों को मुखरता से उठाने के कारण जाखड़ ने संगठन में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस और युवा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. हाल ही में विनोद जाखड़ के नेतृत्व में एनएसयूआई राजस्थान की ओर से 'Epstein Files' के विरोध में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था, जिसकी आवाज दिल्ली तक पहुंची थी.

इसे भी पढ़ें- ट्रेड डील और कथित Epstein Files के मुद्दे पर एनएसयूआई का केंद्र सरकार पर हमला

संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा: माना जा रहा है कि जाखड़ छात्र राजनीति को नई ऊर्जा देने और देशभर में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे. राजस्थान के राजनीतिक हलकों में इस फैसले को संगठनात्मक संतुलन और युवा प्रतिनिधित्व के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जाखड़ की नियुक्ति पर खुशी जताई है और इसे राजस्थान की छात्र राजनीति के लिए गौरव का क्षण बताया है. राजस्थान विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से ही निकले विनोद जाखड़ के सीनियर्स जो वर्तमान में राजस्थान विधानसभा में विधायक है, ऐसे मुकेश भाकर, रामनिवास गावड़िया, अभिमन्यु पूनिया और मनीष यादव ने भी उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं दी हैं.

दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं: पूर्व मंत्री और बायतू विधायक हरीश चौधरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि 'ये नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि देशभर के संघर्षशील, जागरूक और परिवर्तन की आकांक्षा रखने वाले विद्यार्थियों की उम्मीदों का सम्मान है. हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके ऊर्जावान, संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व में एनएसयूआई नए आयाम स्थापित करेगा तथा विद्यार्थियों के अधिकार, शिक्षा की गुणवत्ता और रोजगार के मुद्दों को और अधिक मजबूती से राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगा. आपके नेतृत्व में देश की छात्र शक्ति संगठित होकर अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करेगी और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी."

इसे भी पढ़ें- युवा कांग्रेस के बाद अब NSUI में बवाल, बिना इजाजत नियुक्ति पर जाखड़ को कारण बताओ नोटिस

वहीं, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी विनोद जाखड़ को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि "मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप देश की छात्र शक्ति की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उनके हक और अधिकारों की लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता और क्षमता के साथ लड़ेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे."

ऐसे हुआ चयन: एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता रमेश भाटी ने बताया कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया सितंबर 2025 में शुरू की गई थी. देशभर से राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों, सक्रिय कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए थे. प्राप्त आवेदनों की गहन जांच के बाद संगठनात्मक अनुभव, छात्र मुद्दों पर सक्रियता, वैचारिक स्पष्टता और नेतृत्व क्षमता के आधार पर 15 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया. इन उम्मीदवारों ने दो चरणों में साक्षात्कार और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नेतृत्व के साथ व्यापक चर्चा में भाग लिया, जिसके बाद मूल्यांकन और विचार-विमर्श के बाद विनोद जाखड़ को एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

इसे भी पढ़ें- विनोद जाखड़ का आरोप- RSS अपनी मानसिकता थोपने के लिए शिक्षकों को देती है तबादला और प्रमोशन का प्रलोभन

विनोद जाखड़ ने एनएसयूआई से टिकट नहीं मिलने पर 2018 में राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव बागी होकर लड़ा था और जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में उन्होंने संगठन में वापसी की और पूरे दमखम के साथ एनएसयूआई की मजबूती में जुट गए. वापसी के बाद उनके सक्रिय संगठनात्मक काम और नेतृत्व क्षमता के चलते पहले उन्हें राजस्थान एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और अब वे राजस्थान से राष्ट्रीय स्तर पर इस पद तक पहुंचने वाले पहले नेता बन गए हैं.

सवाई माधोपुर में जश्न: एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर विनोद जाखड़ की नियुक्ति को लेकर जिले के एनएसयूआई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बजरिया अंबेडकर सर्किल पर एकत्रित होकर मिठाई बांटी और आतिशबाजी की. पदाधिकारियों ने कहा कि विनोद जाखड़ के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा देशभर के विद्यार्थियों की आवाज और प्रभावी तरीके से उठेगी. कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से एनएसयूआई को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी.