ETV Bharat / bharat

'बिहार को मजदूरों का प्रदेश बनाकर रखा गया, वोट की हो रही चोरी', भागलपुर में बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी का भागलपुर में कहा कि बिहार को मजदूर प्रदेश बना कर रखा गया. उन्होंने एक बार फिर वोट चोरी का आरोप लगाया.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 7, 2025 at 8:31 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर चुनाव प्रचार अब आखिरी दौर में पहुंच गया है. सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज चुनाव प्रचार करने के लिए भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार पर बिहार को मजदूर का प्रदेश बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने बिहार में उद्योग धंधे फिर से स्थापित होने के लिए महागठबंधन की सरकार के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील की.

हरियाणा चुनाव का जिक्र: भागलपुर में महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव का फिर से जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 करोड़ वोटर हैं, वोटर लिस्ट में 25 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर थे. हरियाणा में चुनाव आयोग की लिस्ट में आठ में से एक वोटर फर्जी था. बीजेपी के लोग उत्तर प्रदेश में रहते हैं, उत्तर प्रदेश में वोट देते हैं और चुनाव के समय वही लोग हरियाणा में भी वोट देते हैं.

ब्राजील की महिला का जिक्र: राहुल गांधी ने कहा कि ब्राजील की महिला का नाम 22 बार वोटर लिस्ट में दिख रहा है. एक बूथ में एक महिला 200 बार वोट दे सकती है. हरियाणा के एक घर में 500 वोटर, दूसरे घर में 60 वोटर रहते हैं. जब हमने इसका पता लगाया तो वहां कोई नहीं रहता था. राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और निर्वाचन आयोग ने मिलकर हरियाणा का चुनाव चुराया. उन्होंने कहा कि हमने इसका साबूत दिया है.

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में, महाराष्ट्र चुनाव में, मध्य प्रदेश के चुनाव में, छत्तीसगढ़ के चुनाव में वोटों की चोरी की और अभी इन लोगों की पूरी कोशिश है कि बिहार में भी वोटों की चोरी करके सरकार बना लें.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)

बिहार की जनता जागरूक: राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन के सपोर्टर का वोटर लिस्ट से नाम काटा गया है. आयोग के द्वारा आखिरी समय तक दलों को वोटर लिस्ट नहीं मिल रहा है. हरियाणा का चुनाव चोरी हो गया लेकिन बिहार की जनता, बिहार की जनरेशन Z यहां पर चुनाव को चोरी नहीं होने देगी.

पीएम मोदी और अमित शाह पर आरोप: राहुल गांधी ने कहा कि सालों से नरेंद्र मोदी और अमित शाह चुनाव चोरी कर रहे हैं. पहले हमारे पास सबूत नहीं था तो हम नहीं बोलते थे लेकिन अब हमारे पास ब्लैक एंड व्हाइट में आंकड़ों के साथ हाथ में सबूत है. इसलिए हम लोगों ने इसको लेकर प्रेजेंटेशन किया और आप लोगों के बीच में फिर कह रहा हूं कि हरियाणा की सरकार चोरी से बनी थी.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)

प्रधानमंत्री पर तंज: राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार चुनाव प्रचार में आते हैं और युवाओं से कहते हैं कि हमने डेटा का दाम कम कर दिया है, आप रील बनाएं और पैसा कमाइए. उन्होंने युवाओं से पूछा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और रील्स बनाने से क्या आपकी जेब में पैसा आता है क्या. आपका पैसा रिचार्ज करवाने के नाम पर बड़ी-बड़ी कंपनियों के पास जाता है.

राहुल गांधी ने कहा कि इस तरीके की बात आपका ध्यान भटकाने के लिए की जा रही है. फेसबुक, इंस्टाग्राम और रील 21वीं सदी का नशा है. यह युवाओं का ध्यान भटकाने का प्रयास है ताकि उनसे युवा कुछ सवाल न कर सके. शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का सवाल सरकार से नहीं पूछो इसलिए इस तरीके की बात की जा रही है. किसी भी आदमी के जेब में पैसा रोजगार से ही आता है. राहुल गांधी ने कहा कि अभी वे बुनकरों से मिलकर आए हैं. इससे पहले मखाना उपजाने वाले किसानों से मिले. उन्होंने कहा कि बिहार के किसानों को लोन नहीं मिलता है.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)

कर्ज माफी की बात: राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि क्या बिहार में बीजेपी की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, क्या मखाना के किसानों का कर्ज माफ हुआ क्या, बिहार के बुनकर गरीब लोगों का कर्ज माफ हुआ क्या.

बिहार में बेरोजगारी का दोषी: भागलपुर में कांग्रेस की चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के लोग देश के अनेक राज्यों में यहां तक कि विदेश में भी जाकर क्या कर रहे हैं. नीतीश कुमार, मोदी और अमित शाह ने बिहार को हिंदुस्तान का मजदूर बना दिया है. जहां भी बिहार के लोग जाते हैं सड़क, पुल, टनल, हाईवे बिहार के मजदूर बनाते हैं. बिहार के ये लोग धूप में काम करते हैं. इन लोगों का हाथ पैर फट जाता है. हम लद्दाख गए थे वहां बर्फ पड़ रही है. बिहार के लोग वहां फटी शर्ट में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा बिहार में काम नहीं मिल रहा है, नौकरी नहीं मिल रही है.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)

बिहार सरकार पर निशाना: राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि यहां के लोगों को बिहार में नौकरी नहीं मिल सकती क्योंकि यहां पर इंडस्ट्रीज खत्म कर दिया गया. स्कूल बंद पड़े हुए हैं. यहां से रोजगार मिटा दिया गया है. इसके पीछे कारण है कि फोन हो या शर्ट कपड़ा हो या कुछ भी सब पर मेड इन चीन लिखा रहता है. बिहार में अधिकांश प्रोडक्ट चीन, वियतनाम और बांग्लादेश जैसे देश से आते हैं जिसे बड़ी कंपनी यहां पर बेचती है.

राहुल गांधी ने कहा कि वे नहीं चाहते कि बिहार में कोई कंपनी वाले यहां पर लोगों को रोजगार मिले. वे आपको कमजोर बनाना चाहते हैं. यहां की सरकार आपको मजदूर के रूप में देखना चाहती है. वे आपको एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाला आदमी बनाना चाहते हैं.

बिहार बदलने का वादा: बिहार के युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवाओं की इच्छा है कि जब वे फोन उल्टा करके देखें तब उस पर मेड इन इंडिया लिखा हो. बिहार की युवा चाहते हैं कि वे भी अपना छोटा सा उद्योग शुरू करें. पैसा होने पर फिर वे बड़ा उद्योग शुरू करें. वे चाहते हैं कि बिहार में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगे. छोटी कंपनी वालों, मखाना उपजाने वालों को कुछ लाभ मिले.

Bihar Election 2025
राहुल गांधी (ETV Bharat)

भागलपुर के लोगों से किया वादा: राहुल गांधी ने भागलपुर के मंच से लोगों को वादा किया कि हमारी सरकार बनेगी तो अति पिछड़ों की सरकार, दलितों की सरकार, गरीब स्वर्ण की सरकार बनेगी. इसमें युवाओं की आवाज सुनी जाएगी. हमारी सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर काम होगा. राहुल गांधी ने कहा कि एक समय था जब बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय था जो दुनिया की नंबर एक की यूनिवर्सिटी थी, लेकिन आज बिहार में पेपर लीक होता है. मेरा वादा है कि जैसे ही इंडिया गठबंधन की सरकार दिल्ली में बनेगी तो सबसे पहले विश्व स्तर का नालंदा यूनिवर्सिटी बिहार में बनेगा.

ये भी पढ़ें:

'नरेंद्र मोदी 10000 रुपये देकर वोट लेना चाहते हैं', बिहार की रैली में बोलीं प्रियंका गांधी

'56 इंच की छाती वाले डरपोक', बिहार में गरजे राहुल गांधी, मछुआरों के बीच PM मोदी पर बड़ा हमला