चीन से लगता है पीएम को डर, नरवणे की किताब और चीनी घुसपैठ पर संसद में बोलने से रोका : राहुल
भोपाल में किसान महाचौपाल में पहुंचे राहुल गांधी, कई मुद्दों पर बीजेपी और पीएम मोदी को घेरा, चीनी घुसपैठ पर पीएम मोदी पर निशाना.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 3:59 PM IST
|Updated : February 24, 2026 at 4:21 PM IST
भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित किसान महाचौपाल में पहुंचे राहुल केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर जमकर बरसे. उन्होंने संसद से लेकर चीनी घुसपैठ और नरवणे की किताब का जिक्र किया. किसान महाचौपाल में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि लोकसभा में हर साल राष्ट्रपति का भाषण होता है, उसके बाद लीडर ऑफ अपोजिशन को भी मौका मिलता है लेकिन हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में अपोजिशन के लीडर को बोलने नहीं दिया गया. राहुल गांधी ने कहा, '' मैंने संसद में बोलना शुरू किया तो मुझे रोका गया, मैंने फिर बोलना शुरू किया तो मुझे बीजेपी ने फिर रोक दिया.''
चीनी टैंक और नरवणे की किताब पर बोले राहुल
राहुल गांधी ने इस दौरान जनरल नरवणे की किताब को जिक्र करते हुए कहा, '' नरवणे जी ने एक किताब लिखी है. उसमें उन्होंने साफ लिखा कि चीन के टैंक हिंदुस्तान की बाउंड्री के अंदर आ रहे थे तो उन्होंने राजनाथ सिंह जी को फोन किया और उनसे पूछा लेकिन राजनाथ सिंह जी ने जवाब नहीं दिया. इसके बाद अजीत डोभाल को फोन किया, चीन के टैंक हिंदुस्तान के अंदर आ रहे हैं. मुझे क्या करना चाहिए? ऑर्डर बताइए, ऑर्डर बताइए? लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया.
LIVE: किसान महा चौपाल | भोपाल, मध्य प्रदेश https://t.co/m1wimtxVzd
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 24, 2026
प्रधानमंत्री ने उन्हें अकेला छोड़ दिया
राहुल ने किताब का जिक्र करते हुए कहा, '' इसके बाद जयशंकर जी को फोन किया हिंदुस्तान आर्मी ने, उनसे कहा कि चीन की आर्मी व चीनी टैंक अंदर आ रहे हैं. मुझे क्या करना है? तब भी कोई जवाब नहीं मिला. उसके 2 घंटे बाद फिर से नरवणे जी ने डिफेंस मिनिस्टर को फोन किया और पूछा आप मुझे आर्डर दीजिए, 2 घंटे हो गए हैं आप प्रधानमंत्री से पूछिए मेरा ऑर्डर क्या है? यह सवाल इसलिए पूछ रहे थे कि चीनी आर्मी पर फायर करने का निर्णय प्रधानमंत्री को देना पड़ता है. उसके बाद राजनाथ सिंह जी प्रधानमंत्री को फोन करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने आर्मी से बात नहीं की.'' राहुल ने कहा, ''नरवणे जी ने आर्मी की अपनी किताब में लिखा है कि उस दिन प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने मुझे अकेला छोड़ दिया.''
यह भी पढ़ें- चीन को जवाब देने के वक्त गायब हो गए PM मोदी, राहुल गांधी का बड़ा हमला
पार्लियामेंट में, मैं यही बोलना चाह रहा था : राहुल
राहुल गांधी ने कहा, '' जब चीन पर ऑर्डर देने का समय आया तो हमारे प्रधानमंत्री गायब हो गए'' पार्लियामेंट में, मैं यही बोलने की कोशिश कर रहा था पर मुझे बोलने नहीं दिया गया. जैसे ही मैं संसद में बोला तभी नरेंद्र मोदी ने अमित शाह की तरफ देखा, वैसे ही अमित शाह और बीजेपी के सारे नेता खड़े हो गए और मुझे बोलते नहीं दिया गया.'' राहुल गांधी ने भोपाल में महाचौपाल को संबोधित करते हुए आगे कहा, '' मैंने कहा कि मैगजीन में भी आर्टिकल यह छापा है. अगले दिन मैं संसद में किताब लेकर आया तो उनका कहना कि किताब को भी कोट नहीं कर सकते.''

