ETV Bharat / bharat

'पटना में नीट छात्रा की मौत सिस्टम की गहरी सड़ांध', राहुल गांधी बोले- इंसाफ का सवाल है

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट छात्रा मौत मामले पर चुप्पी तोड़ी है. सरकार पर निशाना साधा है. पढ़ें पूरी खबर

RAHUL GANDHI
राहुल गांधी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 7, 2026 at 3:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजधानी पटना में नीट छात्रा की मौत को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है. सड़क से लेकर संदन तक इसकी गूंज सुनाई पड़ रही है. इसी बीच राहुल गांधी ने सरकार पर करारा वार किया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने पोस्ट किया.

''पटना में NEET की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है. पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-NDA मॉडल सामने आ गया- केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो.''- राहुल गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता

'पप्पू यादव की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध' : राहुल गांधी ने आगे लिखा, इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव मजबूती से खड़े हुए. आज उनकी गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके.

''सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती. यह एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंद कर बैठी है. यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है. यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है.''- राहुल गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रियंका गांधी ने क्या कहा? : वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सोशल मीडिया एक्स पर नीट छात्रा मौत मामले को लेकर सरकार पर हमला किया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा "पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है. यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है. FIR दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक, सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है."

"यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है? हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक, जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, BJP की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं. इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है."- प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव

नीट छात्रा मौत मामला : दरअसल, पटना के हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की 11 जनवरी को संदिग्ध मौत हो गई थी. इस मामले को लेकर जमकर बवाल मचा हुआ है. मामले को तूल पकड़ता देख राज्य सरकार ने इसे सीबीआई के हवाले कर दिया है.

PAPPU YADAV ARREST
जब पप्पू यादव हुए थे गिरफ्तार (ETV Bharat)

पप्पू यादव की गिरफ्तारी : इसी बीच शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया. 31 साल पुराने मामले में कोर्ट के आदेश के बाद यह गिरफ्तारी हुई. शनिवार को उन्हें पटना के सिविल कोर्ट (MP-MLA कोर्ट) में पेश किया गया. इधर सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर के आरोप में एक और एफआईआर पप्पू यादव पर दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें :-

'मेरे साथ क्या होगा..' पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, 31 साल पुराना है मामला

'नीट छात्रा मौत मामले में रसूखदार मंत्री या उनके परिवार का हाथ', राबड़ी देवी का संगीन आरोप

नीट छात्रा मौत मामला: पुलिस ने माना चित्रगुप्त थाने की SI रोशनी कुमारी से हुई लापरवाही, CBI को सौंपी गई जांच

'NEET छात्रा की मौत में NDA के बड़े नेताओं के परिवार का हाथ' बिहार बजट सत्र के पहले दिन हंगामा