ETV Bharat / bharat

आखिरकार राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड, कौटिल्य नगर शिफ्ट हुआ लालू परिवार

20 साल बाद बिहार की राजनीति का चर्चित पता बदल गया है. लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड खाली कर कौटिल्य नगर शिफ्ट हुआ हो गया.

10 CIRCULAR ROAD PATNA
10 सर्कुलर रोड पर सन्नाटा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 2, 2026 at 4:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित पतों में शामिल 10 सर्कुलर रोड का अध्याय आखिरकार आज गुरुवार को समाप्त हो गया. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने करीब दो दशक बाद सरकारी आवास खाली कर दिया और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के साथ कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हो गईं. इसके साथ ही राज्य की राजनीति के एक महत्वपूर्ण दौर का भी अंत माना जा रहा है.

20 साल 4 महीने इसी आवास में रहे : वर्ष 2006 से राबड़ी देवी इस सरकारी आवास में रह रही थीं. 2 फरवरी 2006 को वह इस आवास में शिफ्ट हुई थी. पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बाद में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहने के दौरान उन्हें यह आवास आवंटित किया गया था. लंबे समय तक लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहे इस परिसर से महागठबंधन की बैठकों से लेकर कई बड़े राजनीतिक फैसले लिए गए और यह पता राष्ट्रीय जनता दल की राजनीति का प्रतीक बन गया.

संवददाता कृष्णनंदन की रिपोर्ट (ETV Bharat)

चार्ज रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया : दिलचस्प बात यह है कि भवन निर्माण विभाग की ओर से वर्ष 2006 के चार्ज रजिस्टर और सरकारी सामानों की सूची अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है. इसके बावजूद राबड़ी देवी ने गुरुवार को आवास खाली करने का फैसला लिया. इससे पहले उन्होंने विभाग को पत्र लिखकर मूल सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया था, ताकि सरकारी सामानों का मिलान कर किसी प्रकार के विवाद और आरोप-प्रत्यारोप से बचा जा सके.

अलग-अलग आवास में लालू परिवार : राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है. हालांकि, फिलहाल लालू परिवार ने कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास को नया ठिकाना बनाया है. उधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही अपने लिए आवंटित सरकारी आवास 1 पोलो रोड में शिफ्ट हो चुके हैं. ऐसे में लालू परिवार की राजनीतिक और पारिवारिक गतिविधियां अब अलग-अलग परिसरों से संचालित होंगी.

10 Circular Road Patna
खाली हुआ 10 सर्कुलर रोड (ETV Bharat)

कई दिनों से हो रही थी शिफ्टिंग : गौरतलब है कि सरकार की ओर से राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए पहले एक महीने का समय दिया गया था. इसके बाद 15 दिनों का अतिरिक्त नोटिस और अंत में सात दिनों का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया गया था. इस दौरान शिफ्टिंग की प्रक्रिया लगातार चलती रही और बीते कई दिनों से बड़ी मात्रा में सामान 10 सर्कुलर रोड से बाहर भेजा जा रहा था. सरकार की ओर से 10 सर्कुलर रोड का आवंटन पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम के नाम किया जा चुका है.

करीब 20 वर्षों तक बिहार की राजनीति का केंद्र रहे इस सरकारी आवास ने सत्ता परिवर्तन, गठबंधन की राजनीति, चुनावी रणनीतियों और कई ऐतिहासिक घटनाओं को करीब से देखा है. लालू परिवार का छठ इसी आवास में होता था. अब लालू परिवार के यहां से विदा होने के साथ ही 10 सर्कुलर रोड की पहचान भी बदलने जा रही है और बिहार की राजनीति का एक नया अध्याय शुरू होने वाला है.

ये भी पढ़ें :-

10 सर्कुलर रोड से शिफ्टिंग शुरू, राबड़ी आवास से खोले गए CCTV कैमरे

'सब नीतीश कुमार करवा रहे..' सिक्योरिटी वापस लिए जाने पर लालू यादव का फूटा गुस्सा