ETV Bharat / bharat

पंजाब के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, पंजाब पुलिस के डीजीपी आज होंगे दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश

दिल्ली विधानसभा ने इस मामले में जालंधर पुलिस द्वारा मंत्री कपिल मिश्रा पर एफआईआर दर्ज करने को माना है विधानसभा के विशेषाधिकार का हनन

पंजाब के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, पंजाब पुलिस के डीजीपी आज होंगे पेश
पंजाब के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, पंजाब पुलिस के डीजीपी आज होंगे पेश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 27, 2026 at 1:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी द्वारा सिख गुरुओं के कथित अपमान के मामले में पंजाब के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, पंजाब पुलिस के डीजीपी और जालंधर के पुलिस कमिश्नर विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि इस मामले में सदन सख्त कार्रवाई करेगा. इसी के आधार पर उन्होंने इन अधिकारियों को विधानसभा से नोटिस भेज करके तलब किया था. साथ ही पंजाब पुलिस द्वारा की जा रही जांच और वहां की फोरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट भी विधानसभा अध्यक्ष ने तलब की थी.

विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की बैठक आज विधानसभा के एमएलए लॉनज में होगी, जिसकी अध्यक्षता विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष भाजपा विधायक प्रद्युम्न सिंह राजपूत करेंगे. समिति के सभी सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए सूचना भेज दी गई है. बता दें कि 9 सदस्यीय विशेषाधिकार समिति में भाजपा के सात और आप के दो विधायक हैं.

बता दें कि जनवरी में आयोजित किए गए दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर विधानसभा में चर्चा के दौरान सिख गुरुओं के अपमान का आरोप लगा था. उस कथित आरोप के वीडियो को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर दिया गया था, जिस पर जालंधर में आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता इकबाल सिंह द्वारा जालंधर पुलिस को शिकायत दी गई थी. उस वीडियो को आधार बनाकर जालंधर पुलिस ने कपिल मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था.

इस मामले में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने पहले ही संज्ञान लेते हुए मामले की जांच विधानसभा की विशेष अधिकार समिति को सौंप दी थी. साथ ही फॉरेंसिक लैब से भी वीडियो की जांच करने का आदेश दिया था. दिल्ली विधानसभा द्वारा मामले में पहले से चल रही कार्रवाई के बावजूद जालंधर पुलिस द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज करने को लेकर के दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे दिल्ली विधानसभा के विशेषाधिकार का हनन माना था. साथ ही एफआईआर दर्ज करने पर पंजाब के इन अधिकारियों को तलब किया था.

दिल्ली विधानसभा द्वारा इन अधिकारियों को भेजे गए पहले नोटिस पर यह अधिकारी उपस्थित नहीं हुए थे. साथ ही उन्होंने अगली बार उपस्थित होने के लिए समय मांगा था. इसके बाद विधानसभा सचिव रंजीत सिंह की ओर से फिर से दूसरा नोटिस भेज करके इनको तलब किया गया. इस दूसरे नोटिस पर आज वह विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे. बता दें कि आतिशी द्वारा गुरुओं के कथित अपमान के विरोध में भाजपा विधायकों ने दो दिन तक विधानसभा नहीं चलने दी थी और आतिशी पर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे थे. साथ ही आतिशी से और केजरीवाल से माफी मांगने की भी भाजपा विधायकों ने मांग की थी और आतिशी की सदस्यता रद्द करने के लिए भी विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सोपा था.

ये भी पढ़ें :

दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति का कड़ा रुख: पंजाब के गृह सचिव और DGP को 20 फरवरी तक का 'अल्टीमेटम'

विशेषाधिकार हनन मामला: आतिशी पर पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव देंगे अंतिम जवाब, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी का इंतजार