पंजाब के सैलानियों का हिमाचल में बढ़ रहा हुड़दंग, अटल टनल के पास हवा में लहराया चाकू
हिमाचल में सैलानियों के हुड़दंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. अटल टनल के पास पंजाब के पर्यटकों ने मचाया उत्पात.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 1:10 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में आए दिन पर्यटकों के हुड़दंग के मामले सामने आ रहे हैं. जिला कुल्लू में इन दिनों बाहरी राज्यों से सैलानियों के आने सिलसिला लगातार जारी है. वहीं, पंजाब से आ रहे सैलानियों के द्वारा यहां पर हुड़दंग भी मचाया जा रहा है. कई सैलानी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जिला कुल्लू के मणिकर्ण और मनाली पहुंच रहे हैं. इस दौरान कई पर्यटक यातायात नियमों की भी अवहेलना कर रहे हैं. पिछले दिनों अटल टनल के पास पंजाब के सैलानियों ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर हुड़दंग मचाया है.
मारपीट के दौरान हवा में लहराया चाकू
इस दौरान पंजाबी पर्यटकों की अन्य लोगों के साथ भी लड़ाई हुई और पंजाब के सैलानियों के द्वारा हवा में चाकू भी लहराया गया. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से हुड़दंग मचाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इतना ही नहीं स्थानीय लोगों किशन कुमार और रणवीर सिंह का आरोप है कि पंजाब से आ रहे सैलानी न तो हेलमेट पहन के आ रहे हैं और न ही ट्रैफिक नियमों की पालना कर रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखनों को मिल रहा है.
घाटी की शांति भंग कर रहे सैलानी
स्थानीय निवासी जितेंद्र राजपूत का कहना है कि, "पुलिस के द्वारा स्थानीय वाहन चालकों के तो तुरंत चालान काटे जा रहे हैं, लेकिन पंजाब से आ रहे इन सैलानियों के न तो चालान काटे जा रहे हैं और न ही अन्य कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. पंजाबी पर्यटकों को कानून के नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है, जो बिल्कुल भी सही नहीं है. ऐसे में जिस तरह से पंजाब के इन सैलानियों के द्वारा मोटरसाइकिल पर आकर हुड़दंग मचाया जा रहा है. वह बिल्कुल भी सही नहीं है और इससे घाटी की शांति भी भंग हो रही है."
वहीं, डीएसपी मनाली केडी शर्मा का कहना है कि, "इस मामले की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है की हवा में चाकू लहराने वाले सैलानी आखिर कहां के हैं. इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है. यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी."
सोमवार को अमृतसर, पंजाब के एक ही क्षेत्र से आए दो बाइकर्स के समूहों के बीच LAPITI कैफे के पास बर्फ फेंकने के मुद्दे को लेकर आपस में झड़प हो गई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया. दोनों पक्षों की तलाशी ली गई और वीडियो में किए गए दावे के अनुसार किसी भी प्रकार का चाकू बरामद नहीं हुआ. -शिवानी मेहला, एसपी, लाहौल स्पीति
ये भी पढ़ें: मंडी में 2026 की सबसे बड़ी चिट्टे की बरामदगी, 134 ग्राम सहित दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: हिमाचल में सर्पदंश नोटिफाइएबल डिजीज घोषित, अधिसूचना जारी

