ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों को नग्न कर बुरी तरह पीटा, महिला से छेड़छाड़ पर गुस्साई भीड़
हरियाणा के पर्यटकों की ऋषिकेश में सड़क पर सरेआम पिटाई, कार के शीशे तोड़े और कपड़े भी फाड़े, महिला को अश्लील इशारे करने का आरोप

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 21, 2026 at 6:48 PM IST
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में कार सवार हरियाणा के पर्यटकों की स्थानीय लोगों ने नग्न कर बुरी तरह से पिटाई कर दी. आरोप है कि यह पर्यटक कार में बैठकर महिला को छेड़ने का प्रयास कर रहे थे. यह करते हुए स्थानीय लोगों ने देख लिया, फिर उन्हें सड़क पर घसीटते हुए जमकर पीटा. इतना ही नहीं, उनके कपड़े भी फाड़ डाले. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
अश्लील इशारे कर छेड़ने के आरोप: घटना बुधवार यानी 20 मई शाम की है. काली की ढाल पर हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही एक कार सवार पर्यटकों का स्थानीय लोगों से विवाद हो गया. विवाद का कहानी तब शुरू हुई, जब एक महिला ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर पर कार के धीमी होने पर उसमें सवार दो पर्यटकों ने अश्लील इशारे किए, फिर उसे छेड़ने का प्रयास किया.
पर्यटकों को नग्न कर पीटा, कार को किया क्षतिग्रस्त: यह बात सुनते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पर्यटकों का विरोध किया. पर्यटक भी कार से उतरे और आरोपों को झूठलाते हुए बहस करने लगे. इस बीच विवाद इतना बढ़ा कि लोगों ने पर्यटकों की कार को निशाना बनाया और पत्थरों से वार कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. लोगों ने पर्यटकों की इस कदर पिटाई कर दी कि एक पर्यटक लहूलुहान हो गया. जबकि, दूसरे पर्यटक के तो कपड़े तक फट गए और वो पूरा नग्न हो गया.

गुस्साए लोगों ने बुरी तरह से पीटा: उसके बाद भी लोग उसे पीटते हुए नजर आए. पिटाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ दो युवकों को नग्न कर पीटती नजर आ रही है. वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि युवक कार में बैठकर 13-14 साल की लड़कियों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे.
पुलिस ने पर्यटकों का पहले मेडिकल कराया, फिर ले गई चौकी: उधर, घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची. किसी तरह विवाद को शांत किया और पीड़ित पर्यटकों को पहले अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया और फिर उन्हें चौकी ले गई.
मामले में दोनों तरफ से नहीं मिली कोई शिकायत: फिलहाल, पर्यटकों ने पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की है. वहीं, मामले में आरोप लगाने वाली महिला ने भी पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी है. बताया जा रहा है कि युवक कार लेकर ऋषिकेश से निकल चुके हैं.
"मामला संज्ञान में आया है. पुलिस घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उस पर कार्रवाई होगी. हालांकि, पर्यटकों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है. फिर भी मामले की बारीकी से जांच की जा रही है."
- भारत सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक, कोतवाली ऋषिकेश -
ये भी पढ़ें-
- हरिद्वार में युवती ने युवक पर जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, ऑटो में जबरन फोटो खींचने का आरोप
- रुड़की में महिला ने प्रेमी जोड़े पर बरसाई चप्पलें, जमकर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
- महिला को छेड़ना शोहदे को पड़ा भारी, थप्पड़ और चप्पलों से हुई पिटाई, सलाखों में गुजरी पूरी रात
- ऋषिकेश के सैलून में कर्मचारी लड़की से नाई ने की छेड़छाड़, लोगों ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

