राष्ट्रपति मुर्मु ने दिल्ली की 'लखपति बिटिया' योजना के साथ कई स्कीम का किया शुभारंभ, CM रेखा भी रही मौजूद
राष्ट्रपति ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली कार्यक्रम में दिल्ली सरकार की कई योजनाओं का किया शुभारंभ,सीएम रहीं मौजूद

Published : March 2, 2026 at 2:04 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 2:39 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार द्वारा इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित "सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली " कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं. इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा मुझे खुशी है कि इस अवसर पर नारी शक्तिकरण की योजनाओं की शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुझे इन योजनाओं का शुभारंभ करने के लिए चुना.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रेखा गुप्ता को दी बधाई
रेखा जी दिल्ली से ही राजनीति में आगे बढ़ी और आज इस मुकाम पर हैं. राष्ट्रपति ने कहा कि मैं रेखा गुप्ता को बधाई देना चाहती हूं कि इन योजनाओं को शुरू करने के बारे में उन्होंने सोचा. महिलाएं समाज का अभिन्न अंग हैं. भारत का इतिहास महिलाओं के त्याग और गाथाओं से भरा पड़ा है. लोकमाता अहिल्याबाई की प्रशासनिक कार्यकुशलता को आज भी याद किया जाता है.
LIVE: President Droupadi Murmu addresses an event “सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली” organised by Govt. of NCT Delhi https://t.co/G0yVFSYgIv
— President of India (@rashtrapatibhvn) March 2, 2026
महिला सशक्तिकरण समाज के हर व्यक्ति की ज़िम्मेदारी
आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, सेना में, विज्ञान के क्षेत्र में और अन्य सभी क्षेत्रों में बेटियां आगे बढ़ रही हैं. लेकिन ये सच्चाई है कि आज भी महिलाएं हिंसा जैसी अन्य कई बुराइयों का सामना कर रही हैं. राष्ट्रपति ने कहा कि आज मुद्रा योजना के माध्यम से भी महिलाओं को राशि दी जा रही है. राष्ट्रपति ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है यह समाज के हर व्यक्ति की ज़िम्मेदारी है. सभी को मिलकर यह जिम्मेदारी निभानी है.

बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है
जब एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है. देश की आधी आबादी को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है. दिल्ली में सभी राज्यों और धर्मों के लोग रहते हैं. हमें सभी को साथ लेकर चलना होगा और दिल्ली के विकास का उदाहरण प्रस्तुत करना होगा. उन्होंने कहा कि एक आदर्श समाज का उदाहरण प्रस्तुत करना जरूरी है, जहां हर महिला और बेटी खुद को सुरक्षित महसूस करे. वह रात के समय भी अपने आप को घर से निकालने में डर महसूस नहीं करे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया इन योजनाओं का शुभारंभ
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर राष्ट्रपति ने केंद्र सरकार की वन नेशन, वन कार्ड से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार द्वारा राजधानी की महिला निवासियों के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की योजना का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया. इस दौरान राष्ट्रपति ने दो महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से एनसीएमसी सहेली पिंक वूमेन स्मार्ट कार्ड भी प्रदान किए.

दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारकों को प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी
विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने होली और दिवाली के त्योहारों पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने की योजना का भी औपचारिक रूप से शुभारंभ किया. इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समारोह में दिल्ली लखपति बिटिया योजना का भी रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया. साथ ही राष्ट्रपति ने रिमोट का बटन दबाकर मेरी पूंजी मेरा अधिकार के तहत 40642 बालिकाओं को मेरी पूंजी मेरा अधिकार के तहत मेच्योरिटी की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की.

लखपति बिटिया योजना के लिए हमने 128 करोड़ रूपये बजट में रखे
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लखपति बिटिया योजना के लिए हमने 128 करोड़ रूपये बजट में रखे हैं. हमारी सरकार आने पर वर्षों से पड़ा हुआ यह पैसा हमारी सरकार ने देने का काम किया है. रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के प्रति दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है. इस योजना का लाभ प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दिया जाएगा.
पिंक वूमेन स्मार्ट कार्ड से डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिंक वूमेन स्मार्ट कार्ड को लेकर कहा कि यह कार्ड दिल्ली की निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा. साथ ही मेट्रो, रीजनल रेपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में एक ही स्मार्ट कार्ड के माध्यम से सशुल्क सुविधा देगा. मुख्यमंत्री के अनुसार यह पहल सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, सुरक्षित और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे महिलाओं के दैनिक यात्रा खर्च में कमी आएगी और उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य तथा सामाजिक अवसरों तक सुगम पहुंच मिलेगी. कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें :

