ETV Bharat / bharat

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2 मार्च को करेंगी 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' का शुभारंभ, CM ने कहा- बेटियों के भविष्य की गारंटी

सीएम ने कहा कि योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, उच्च शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की गारंटी बनेगी.

राष्ट्रपति करेंगी दिल्ली लखपति बिटिया योजना
राष्ट्रपति करेंगी दिल्ली लखपति बिटिया योजना (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : March 2, 2026 at 6:15 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: महिलाओं और बेटियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में दिल्ली सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना पर आधिकारिक मुहर लगने जा रही है. सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक विशेष व भव्य कार्यक्रम सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली आयोजित किया जाएगा. समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लखपति बिटिया योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के प्रति दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है. कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है. बदलते समय और उच्च शिक्षा की बढ़ती लागत को देखते हुए बालिकाओं के लिए प्रभावी और भविष्योन्मुखी योजना बनाने की आवश्यकता थी. इसी सोच के साथ लाडली योजना को विस्तारित और सुदृढ़ रूप में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है.

डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था: नई योजना पूरी तरह डिजिटल होगी. फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की तरफ से किया जाएगा और निवेश एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा. विभाग की ओर से जमा की गई राशि बालिका की उम्र के साथ बढ़ती रहेगी और मैच्योरिटी पर पूरी संचित राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी.

पात्रता और विस्तारित दायरा: योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो और जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रह रहे हों. बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है. पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराया जा सकता है. यह लाभ प्रति परिवार दो बालिकाओं तक सीमित रहेगा. महत्वपूर्ण रूप से योजना का दायरा बढ़ाकर भारत में किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त या यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम कर रही लड़कियों को शामिल किया गया है. परिपक्वता लाभ केवल शैक्षणिक शर्तों की पूर्ति पर ही देय होगा.

प्रधानमंत्री का विजन और मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस व्यापक विजन से प्रेरित है जिसमें बेटियों को शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की धुरी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि जब बेटी शिक्षित और सशक्त होगी, तभी समाज और राष्ट्र समृद्ध होगा. मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, उच्च शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की गारंटी बनेगी. उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी की प्रत्येक योग्य बालिका को ऐसा अवसर मिले जिससे वह अपने सपनों को साकार कर सके और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सके.

नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की होगी शुरुआत: इसके अलावा केंद्र सरकार की वन नेशन, वन कार्ड से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली की रेखा सरकार महिलाओं के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की शुरुआत करने जा रही है. सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक विशेष व भव्य कार्यक्रम ‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस महत्वाकांक्षी योजना (पिंक कार्ड) का शुभारंभ करेंगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यह कार्ड दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा.

यह भी पढ़ें-

पीएम मोदी ने बुलाई CCS की आपात बैठक, ईरान संकट पर भारत ले सकता है बड़ा फैसला!

सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत पर ईरानी कल्चर सेंटर में प्रार्थना सभा का आयोजन, जंतर-मंतर पर दी गई श्रद्धांजलि