प्रशांत किशोर ने टोल फ्री नंबर किया जारी, संन्यास के लिए रखी नई शर्त, बात 2 लाख रुपये की
प्रशांत किशोर ने बड़ी बात कही है. बोले कि सरकार अपने वादे को निभाती है तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे. पढ़ें खबर.

Published : November 18, 2025 at 2:48 PM IST
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद प्रशांत किशोर पहली बार मीडिया के सामने आए. उन्होंने हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि, जब तक सुधार नहीं दूंगा, बिहार से नहीं जाऊंगा. इस दौरान उन्होंने इस्तीफे का भी जिक्र किया साथ ही शर्त भी रख दी.
''NDA अब अपने वादे पर काम करे. अब 1.5 करोड़ महिलाओं को जो 2-2 लाख देने का वादा किया था उसे अब 6 महीने में पूरा करे. अगर ऐसा हो जाता है तो मैं आपके सामने घोषणा कर रहा हूं कि नीतीश सरकार ने 2-2 लाख रुपये देने का जो वादा किया है, वह पूरा कर दे. मैं बिल्कुल राजनीति से संन्यास ले लूंगा, कहीं कोई दिक्कत नहीं है.''- प्रशांत किशोर, सूत्रधार, जन सुराज
'2 लाख रुपया दीजिए' : प्रशांत किशोर ने कहा कि जिनको आपने (NDA सरकार) 10 हजार रुपया दिया है. उन सभी महिलाओं को अगले 6 महीने में 2 लाख रुपया देने की व्यवस्था कीजिए. क्योंकि ऐसा हो गया तो बिहार से बेरोजगारी दूर हो जाएगी, पलायन बंद हो जाएगा. अगर आपने ऐसा नहीं किया तो स्पष्ट हो जाएगा कि आपने ये 10 हजार रुपये किसी योजना के तहत नहीं बल्कि सिर्फ वोट खरीदने के लिए दिया था.
''लोगों ने जिन मुद्दों पर जिताया है मैं उसका स्वागत करता हूं. स्वरोजगार ही सबसे ज्यादा जरूरी है. उसका वादा नीतीश कुमार और एनडीए की सरकार ने किया है. 10-10 हजार रुपया एडवांस के तौर पर महिलाओं को दिया गया है. मैं चाहता हूं कि सरकार अगले 6 महीने में डेढ़ करोड़ परिवारों को 2-2 लाख रुपया दे. ताकि वो स्वरोजगार कर सके. अपने परिवार का भरण पोषण कर सके. जिनके बच्चे तमिलनाडु और गुजरात जाते हैं वह बिहार में रहकर ही अपना जीवन व्यतीत कर सके.''- प्रशांत किशोर, सूत्रधार, जन सुराज
टोल फ्री नंबर जारी : प्रशांत किशोर ने बिहार के लोगों के लिए एक टोल फ्री नंबर (9121691216) जारी किया. प्रशांत किशोर ने टोल फ्री नंबर जारी करते हुए कहा कि जिनको भी नीतीश कुमार की सरकार ने ₹10000 दिया है. इसके अलावा जीविका दीदी के माध्यम से जो चीज लोगों तक पहुंचाई गई. अगर 6 महीना में मिलेगा तो ठीक है. हम 6 महीना तक कुछ नहीं बोलेंगे. अगर 6 महीना के बाद ₹200000 नहीं मिलेगा तो आप लोग प्रशांत किशोर की टीम से इसी टोल फ्री नंबर पर बात कर सकते हैं.
''चूंकि जनता ने हमें विधानसभा में नहीं बिठाया है. हमको गांव-गांव जाने की जिम्मेदारी मिली है. ऐसे में जिनको भी 2 लाख रुपया नहीं मिले वो प्रशांत किशोर से संपर्क कर सकता है. जन सुराज के सामने अपनी बात रखिए, जन सुराज आपकी आवाज बनकर, आपके साथ खड़े होकर ब्लॉक से लेकर पंचायत तक जाएगा. जिला स्तर तक जाएंगे. जरूरत पड़ने पर नीतीश कुमार के पास जाएंगे. क्योंकि नीतीश कुमार ने कहा है कि 10-10 हजार रुपये बयाना ले लीजिए, जब जीत कर आऊंगा तो 2-2 लाख रुपये दूंगा. सब लोग अपने पांव पर खड़े हो जाएंगे.''- प्रशांत किशोर, सूत्रधार, जन सुराज
क्या है महिला स्वरोजगार योजना : दरअसल, चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले बिहार सरकार ने महिला स्वरोजगार योजना की शुरुआत की थी. अगस्त महीने में इसे कैबिनेट से पास भी करा दिया गया था. इसके बाद डेढ़ करोड़ महिलाओं के खाते में डेटाबेस तैयार कर रुपये ट्रांसफर शुरू हुए. 6 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक कुल 12 किस्तों में रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं.

क्या है शर्त ? : चूंकि हर योजनाओं की अपनी-अपनी शर्तें होती हैं, ऐसे में महिला स्वरोजगार योजना को लेकर भी सरकार ने कुछ शर्तें रखी है. इन शर्तों का पालन करने वाली महिलाओं के खाते में ही सिर्फ रुपये ट्रांसफर हुए हैं या किए जा रहे हैं.

योजना की प्रमुख बातें : यह योजना प्रदेश के सभी परिवारों की एक महिला को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि देती है. अगर व्यवसाय सफल रहा तो 2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी. महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और SHG से जोड़ने के साथ ग्रामीण हाट-बाजारों को विकसित कर उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाने पर भी ध्यान दिया गया है.
ये भी पढ़ें :-
प्रशांत किशोर ने राजनीति छोड़ने की नई शर्त बताई, कहा- 'मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं'

