PM मोदी पर हमला कराने की साजिश नाकाम... बिहार से PMO हैकर्स गिरफ्तार
पीएम मोदी पर हमला करने और सुरक्षा में सेंध लगाने के एवज में पैसे की डिमांड करने के आरोप में बक्सर से हैकर्स की गिरफ्तारी.

Published : April 9, 2026 at 12:05 PM IST
बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना क्षेत्र स्थित आशा पड़री गांव से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसपर पीएमओ ऑफिस को हैक करने का आरोप है. गिरफ्तार शख्स पर प्रधानमंत्री से जुड़े संवेदनशील मामलों को लीक करने की एवज में फंड मांगने का आरोप है.
PMO हैक के आरोप में युवक अरेस्ट: पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेशों में संदिग्ध लोगों से संपर्क कर गोपनीय जानकारी के बदले पैसे की मांग कर रहा था. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर देर रात छापेमारी की गई, जिसमें युवक को गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त स्थान पर गहन पूछताछ: फिलहाल उसे एक गुप्त स्थान पर रखकर गहन पूछताछ की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है. आरोपी युवक की मां ने बताया कि मेरा बेटा अपने पिता को पहुंचाकर घर वापस आया और खाना खाने बैठा था. तभी प्रशासन के साथ कुछ लोग सादे लिबास में आये. कौन लोग थे? क्यों ले गए हैं? इसकी जानकारी तक नहीं है.
"अपने पापा को पहुंचाकर घर आया. मैं खाना बना रही थी. अमन खाना खाने बैठा ही था कि कुछ लोग आए और बोले कि 2000 रुपया कब देगा. हमलोग सब कंन्फ्यूज हो गए."- गीता देवी, अमन कुमार की मां

पिता ने क्या कहा?: वहीं अमन कुमार के पिता गणेश तिवारी ने कहा कि, मैं तो पूजा में गया था. आया तो पता चला कि बेटे को कुछ लोग उठाकर ले गए हैं. अब कौन लोग थे और लड़का ने क्या किया है, इसकी जानकारी नहीं है.
"हम तो जानते ही नहीं है कि क्या हुआ है. अचानक घर पर कुछ लोग आ गए. कल दिन के ढाई बजे ही उसको लेकर टीम गई है."- गणेश तिवारी, अमन के पिता
पहले भी कोलकाला एयरपोर्ट हैक का लगा था आरोप: प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो यह युवक पहले भी विवादों में रह चुका है. वर्ष 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट को हैक करने की धमकी देने के मामले में उसे कोलकाता और बक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था. हालांकि इस बार मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से जुड़ा होने के कारण पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है और खुलकर जानकारी देने से बच रही है.

'PM की सुरक्षा के बदले पैसे की डिमांड'-SP: बक्सर एसपी शुभम आर्य ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है. सिमरी के आशा पड़री का युवक अमन तिवारी भी उसमें शामिल है. इनलोगों द्वारा (यूएसए) अंतराष्ट्रीय एजेंसी से सम्पर्क कर 22 दिन के अंदर पीएम पर हमला करने और सुरक्षा में सेंध लगाने के एवज में पैसे की डिमांड की गई थी. वहीं जब एसपी से पूछा गया कि, कितने पैसों का डिमांड की गयी थी तो जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह गोपनीय मामला है. जांच चल रही है.
"जब गोपनीय सूत्र से जानकारी मिली तो बक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. हमने मोबाइल और लैपटॉप की जांच की है तो इसकी पुष्टि हुई है कि इनलोगों ने पीएम की सुरक्षा के बदले पैसों की मांग रखी थी. ये लोग साइबर अपराध में काफी दिनों से सम्मलित रहे हैं. आगे की जांच चल रही है."- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर

लैपटॉप समेत कई सामान जब्त: पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी के घर से लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.
"कार्रवाई पूरी तरह से स्थानीय पुलिस द्वारा की गई है और इसमें दिल्ली पुलिस की कोई भूमिका नहीं है. आरोपी पर प्रधानमंत्री से जुड़े कुछ मामलों को लेकर विदेशों से पैसे की मांग करने का आरोप है और उससे पूछताछ जारी है. आगे की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा."- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर

अमन का कमरा सील: वहीं जिस कमरे में अमन रहता था उसे प्रशासन ने सील कर दिया है. ग्रामीण दहशत में हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटना गांव में बैठकर साइबर कैफे चलाने वाला लड़का कैसे कर सकता है.
ये भी पढ़ें
पटना में साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई, 81 लाख का ट्रांजेक्शन.. दवा व्यवसायी गिरफ्तार
पटना में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 6 अपराधी गिरफ्तार.. ‘म्यूल अकाउंट’ के जरिए करोड़ों की ठगी

