तमिलनाडु के लिए NDA में सीट शेयरिंग समझौता फाइनल, घोषणा जल्द... PMK ने AIADMK से मिलाया हाथ
एडप्पादी पलानीस्वामी ने कहा कि सीट शेयरिंग फाइनल हो गया है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी.

Published : January 7, 2026 at 6:45 PM IST
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी हलचल काफी तेज होती दिखाई दे रही है. पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पीएमके ने एआईएडीएमके के साथ हाथ मिलाया है और एनडीए गठबंधन में शामिल हो गई है.
तमिलनाडु में एआईएडीएमके राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेतृत्व करती है. यहां अंबुमणि रामदास ने गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल होने के लिए चेन्नई में एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी से उनके आवास पर मुलाकात की. दोनों नेताओं के मुलाकात के कुछ ही समय के बाद गठबंधन की घोषणा हो गई.

अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए, राजनीतिक पार्टियां गठबंधन की बातचीत में जोर-शोर से लगी हुई हैं. जहां तक सत्ताधारी डीएमके की बात है, कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) और कम्युनिस्ट पार्टियों के साथ उसका गठबंधन जारी है. ऐसा लगता है कि आने वाले महीनों में कुछ नई पार्टियां भी डीएमके गठबंधन में शामिल हो सकती हैं.

हालांकि कांग्रेस ने अब 'सत्ता में हिस्सेदारी' का नारा उठा लिया है, लेकिन डीएमके गठबंधन मजबूत बना हुआ है. वहीं, भाजपा के अलावा अभी तक एआईएडीएमके गठबंधन में कोई और बड़ी पार्टी शामिल नहीं हुई है. खबर है कि भाजपा और AIADMK दोनों ने विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को अपने गठबंधन में लाने की काफी कोशिश की. हालांकि, टीवीके के साथ इस पर बात नहीं बनी.
वहीं, ओ पन्नीरसेल्वम और सेंगोट्टैयन पहले ही एआईएडीएमके छोड़ चुके हैं, इसलिए पार्टी को दक्षिणी और कोंगु इलाकों में वोटों के बड़े नुकसान का खतरा है. इसलिए, यह खबर आई थी कि उत्तरी तमिलनाडु में असरदार पार्टी पीएमके को किसी तरह से एनडीए में शामिल कराने की कोशिश की गई थी.

हालांकि, क्योंकि PMK अभी अंबुमणि और रामदास गुटों में बंटी हुई है, इसलिए दोनों पक्षों को एक करने की भी कोशिशें की गईं, लेकिन उससे कोई नतीजा नहीं निकला. इसी सिलसिले में पीएमके नेता अंबुमणि रामदास आज अपने समर्थकों के साथ चेन्नई में ग्रीनवेज रोड पर एआईएडीएमके के जनरल सेक्रेटरी एडप्पादी पलानीस्वामी के घर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने एडप्पादी पलानीस्वामी से मुलाकात कर उनसे बातचीत की.

बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री जयकुमार और सीवी शनमुगम भी मौजूद थे. आधे घंटे तक चली बातचीत के बाद, एडप्पादी पलानीस्वामी और अंबुमणि रामदास बाहर आए और साथ में मीडिया से बात की. एडप्पादी पलानीस्वामी ने पत्रकारों को बताया कि, 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए एआईएडीएमके और पीएमके के बीच गठबंधन हुआ है. उन्होंने कहा कि, ये गठबंधन जीतने वाला गठबंधन है. उन्होंने कहा कि, राज्य की डीएमकी की सरकार को उखाड़ फेंकने के मकसद से वे चुनाव लड़ेंगे और ज्यादातर सीटों पर जीत के साथ सरकार बनाएंगे.
एडप्पादी पलानीस्वामी ने कहा कि, एआईएडीएमके, पीएमके और भाजपा गठबंधन में हर कोई मधुमक्खियों की तरह मेहनत से काम करेगा. उन्होंने कहा कि, सीट शेयरिंग समझौता फाइनल हो गया है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी. उन्होंने कहा कि, एआईएडीएमके और पीएमके गठबंधन एक नेचुरल अलायंस है.

वहीं, अंबुमणि रामदास ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, वे सच में पीएमके के एआईएडीएमके गठबंधन में शामिल होने को एक खुशी के पल के तौर पर देखते हैं. उन्होंने कहा कि, आज एक मजबूत गठबंधन बना है. उन्होंने कहा कि, तमिलनाडु से डीएमके की सरकार को हटाने के मकसद से ही वे एआईएडीएमके के साथ हाथ मिलाया है.
इसके बाद, रामदास के साथ बातचीत होगी या नहीं, इस बारे में रिपोर्टरों के सवालों का जवाब दिए बिना, अंबुमणि ने बस 'थैंक यू' कहा और अपनी कार में बैठकर चले गए. यह ध्यान देने वाली बात है कि AIADMK-PMK गठबंधन अमित शाह के तमिलनाडु दौरे के एक या दो दिन बाद ही बना है.
ये भी पढ़ें: 'डीएमके सरकार ने 4.5 लाख करोड़ रुपये लूटे', एडप्पादी पलानीस्वामी का बड़ा आरोप, जांच की उठाई मांग

