ETV Bharat / bharat

शिक्षक दिवस पर SRCC पहुंच सकते हैं पीएम मोदी, छात्रों से करेंगे सीधा संवाद

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में शिक्षक दिवस के मौके पर कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है.

Teachers Day 2026
SRCC पहुंच सकते हैं पीएम मोदी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : September 2, 2026 at 5:18 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: शिक्षक दिवस इस बार दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के लिए खास होने जा रहा है. 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर कॉलेज में शताब्दी वर्ष से जुड़े विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कॉलेज के छात्रों के साथ सीधा संवाद भी कर सकते हैं. हालांकि, उनके कार्यक्रम को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

100 साल पूरे होने पर खास आयोजन

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स इस वर्ष अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है. शताब्दी वर्ष के तहत कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर होने वाला कार्यक्रम संस्थान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों की भागीदारी रहेगी. प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ-साथ छात्रों के साथ बातचीत को भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा बनाया जा सकता है.

छात्रों से सीधे संवाद पर नजर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रम में सबसे ज्यादा ध्यान छात्रों के साथ होने वाले संवाद पर रहेगा. इस दौरान युवा शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, तकनीक और देश के भविष्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार और सवाल सामने रख सकते हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय में देशभर से आने वाले बड़ी संख्या में छात्र पढ़ते हैं. ऐसे में SRCC में प्रधानमंत्री का छात्रों के बीच पहुंचना उच्च शिक्षा और युवा संवाद के लिहाज से भी जरूरी माना जा रहा है.

2013 के बाद फिर SRCC परिसर में आने की संभावना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले वर्ष 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए SRCC पहुंचे थे. उस समय उन्होंने कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया था. अब करीब 13 साल बाद एक बार फिर उनके SRCC परिसर पहुंचने की संभावना है. इस बार मौका भी अलग है.एक तरफ शिक्षक दिवस है और दूसरी तरफ देश के प्रतिष्ठित वाणिज्य संस्थानों में शामिल SRCC अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है. ऐसे में संभावित दौरे को लेकर छात्रों और शिक्षकों में भी उत्सुकता है.

दिल्ली की 9 राज्य यूनिवर्सिटी पर एलजी की समीक्षा

दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली की नौ राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक की. बैठक में विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ छात्रों को बदलती रोजगार जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया गया. बैठक में उच्च शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय छात्रों को कौशल, रोजगार और नए अवसरों से जोड़ने पर चर्चा हुई. विश्वविद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने और दिल्ली से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर शोध को प्रोत्साहित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया.

स्टार्टअप और शोध को बढ़ावा

समीक्षा बैठक में छात्रों के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने और विश्वविद्यालयों में स्टार्टअप के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण को अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया गया. विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने के लिए NAAC और NIRF जैसी राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं रैंकिंग प्रक्रियाओं की तैयारियों को मजबूत करने की बात भी सामने आई.

NCC-NSS से छात्रों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

बैठक में NCC और NSS जैसी छात्र गतिविधियों को भी जरूरी माना गया. इन माध्यमों से छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और आपदा या आपात स्थिति में सहयोग करने के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया. बैठक में इस बात पर भी जोर रहा कि विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले युवा दिल्ली के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं और उच्च शिक्षा को कौशल, शोध, रोजगार तथा सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जाए.

इसे भी पढ़ें

  1. द्वारका के इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां, गोकुल थीम पर सजेगा दरबार; 1108 किलो के केक का लगेगा भोग
  2. दिल्ली में साइकिल घोटाले को लेकर AAP का प्रदर्शन, सौरभ भारद्वाज ने स्कूल के बाहर कार्यकर्ताओं के साथ बांटे पर्चा
  3. अंकित शर्मा हत्याकांड: उम्रकैद की सजा के खिलाफ ताहिर हुसैन की याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस