मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच पीएम मोदी ने CCS की आपात बैठक की अध्यक्षता की
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे से दिल्ली लौटने के बाद रविवार देर रात सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता की.


Published : March 1, 2026 at 9:04 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 7:44 AM IST
नयी दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात दिल्ली में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की. यह बैठक प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई. माना जा रहा है कि सीसीएस की बैठक में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद पैदा हुई मौजूदा वैश्विक स्थिति पर चर्चा हुई.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी राज्यों के अपने दो दिवसीय दौरे से रविवार रात दिल्ली लौटने के बाद सीसीएस की बैठक बुलाई. बता दें कि पीएम मोदी ने दो दिवसीय दौरे के तहत राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और पुडुचेरी की यात्रा की.
सीसीएस देश के सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है. प्रधानमंत्री सीसीएस के अध्यक्ष हैं तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसके सदस्य हैं.
इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए बड़े हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई मारे गए. ईरान के सरकारी टेलीविजन और सरकारी समाचार एजेंसी ‘इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी’ (आईआरएनए) ने 86 वर्षीय खामेनेई के मारे जाने की रविवार तड़के घोषणा की.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इससे ईरानियों को अपने देश का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का सबसे बड़ा मौका मिला है. ट्रंप ने कहा कि भारी और सटीक बमबारी जितने समय तक जरूरी होगी, जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ेंः
- अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर में भारी विरोध प्रदर्शन, घाटी में कल 'बंद' का आह्वान
- आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत: कर्नाटक के इस गांव में तीन दिनों का शोक, बेंगलुरु में प्रदर्शन की तैयारी
- ईरान-इजराइल में फंसे यूपी के लोग, सायरन बजते ही बंकर में भाग रहे, भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

