ETV Bharat / bharat

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का मेगा प्लान, वडनगर से वाराणसी तक निकाली जाएगी बाइक रैली, युवाओं को लेकर खास तैयारी

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है. इसी दिन से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा. अनामिका रत्ना की रिपोर्ट.

PM Modi birthday celebrations BJP'S Big plan to mark modi's 25 yeasrs in public life
पीएम मोदी (फाइल फोटो) (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : September 2, 2026 at 8:45 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने (सितंबर) की 17 तारीख को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे. भारतीय जनता पार्टी ने पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर मेगा प्लान तैयार किया है.

भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी का मानना है कि युवाओं की आकांक्षाओं को समझना और उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना आगामी चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा होना चाहिए. यही वजह है कि पीएम मोदी के जन्मदिन और उनके कार्यकाल के 25 वर्ष को युवा संदेश कार्यक्रम और Gen Z कनेक्ट कार्यक्रमों को ज्यादा से ज्यादा शामिल करेगी.

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का क्या है मेगा प्लान, ईटीवी भारत की रिपोर्ट (ETV Bharat)

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी की तैयारी
मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर और उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से एक साथ दस-दस टीमें रवाना होंगी. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है. इसी दिन से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा.

युवाओं तक पहुंच की रणनीति
इस वर्ष यह कार्यक्रम सामान्य सेवा पखवाड़े से आगे बढ़कर महीने भर का रूप ले रहा है, क्योंकि अक्टूबर 2001 में मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. अक्टूबर 2026 में उनके संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. पार्टी इसे मोदी @25 के रूप में मनाएगी और सेवा, सुशासन, अंत्योदय तथा युवा भागीदारी और युवा कनेक्ट को केंद्र में रखकर कई कार्यक्रम की शुरुआत करेगी.

पार्टी हाल के दिनों में युवाओं तक पहुंच की रणनीति बनाने के लिए युवा संवाद को प्राथमिकता दे रही है. पार्टी कॉलेज, विश्वविद्यालय, हॉस्टल, कोचिंग संस्थान और युवा क्लबों में सीधे संवाद बढ़ाने की भी योजना तैयार कर रही है.

14 से 22 वर्ष आयु वर्ग पर विशेष ध्यान
इस योजना के तहत पार्टी 14 से 22 वर्ष आयु वर्ग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे युवाओं से नियमित मुलाकात करें, उनकी चिंताओं को सुनें और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं को उनके हित से जोड़कर बताएं.

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी का अभियान
इस अभियान में स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मेरा युवा भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को प्रमुखता से रखा जाएगा. पार्टी का लक्ष्य केवल प्रचार नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण और नवाचार से जोड़ना है.

शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री का दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में छात्रों से संवाद होनेवाला है, जहां संस्थान अपनी शताब्दी मना रहा है. इसके बाद सेवा पखवाड़े को औपचारिक गति दी जाएगी एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर और जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे.

सेवा सेतु अभियान
योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पार्टी सेवा सेतु अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि जो लाभार्थी अब तक योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें जोड़ा जा सके. पार्टी कार्यकर्ता देशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे. मातृ संवाद और आंगनवाड़ी सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. मोदी के 25 वर्षों की राजनीतिक और प्रशासनिक यात्रा पर डिजिटल व फोटो प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी. इनमें गुजरात से लेकर केंद्र सरकार तक के विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और शासन संबंधी उपलब्धियों को दिखाया जाएगा.

वडनगर से वाराणसी बाइक रैली भी निकाली जाएगी
अभियान की सबसे बड़ी विशेषता भाजपा युवा मोर्चा की वडगर से वाराणसी बाइक रैली होगी. इसके साथ ही वाराणसी से वडनगर की ओर भी समानांतर मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी. यह कार्यक्रम 17 सितंबर से शुरू होगा. मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर और उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से एक साथ दस-दस टीमें रवाना होंगी.

लगभग 1500 किलोमीटर की इस पूर्व-पश्चिम यात्रा में हर टीम रोज करीब 100 किलोमीटर तय करेगी. हर पड़ाव पर चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें केंद्र सरकार की योजनाओं, युवा रोजगार, स्टार्टअप, शिक्षा सुधार और विकसित भारत के विजन को युवाओं तक पहुंचाया जाएगा. यह यात्रा गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से गुजरेगी.

पार्टी इसे जन्मभूमि से कर्मभूमि तक संदेश पहुंचाने वाला कार्यक्रम मान रही है. इसके साथ साइक्लिंग इवेंट, मैराथन, अन्य बाइक रैलियां, मंच कार्यक्रम, युवा संकल्प अभियान और ‘बच्चों के सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं भी होंगी. प्रमुख शहरों में हैकथॉन और इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा स्थानीय समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करेंगे.

पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठकों में युवा आउटरीच को प्राथमिकता दी गई है. राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को युवा संवाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हर राज्य में समन्वय के लिए टीमें गठित की जा रही हैं.

युवा पीढ़ी को संगठन, योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना है
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को कॉलेजों और युवा समूहों में नियमित संपर्क बढ़ाने कहा गया है. पार्टी का कहना है कि मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षीय जनसेवा काल को केवल औपचारिक समारोह नहीं, बल्कि सेवा और युवा जुड़ाव का अवसर बनाया जाएगा. वडनगर-वाराणसी बाइक रैली समेत इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा युवा पीढ़ी को संगठन, योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना चाहती है.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी NGT के दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, पर्यावरण और जलवायु चुनौतियों पर होगी बातचीत