ETV Bharat / bharat

अजमेर से HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, पीएम बोले- INC अब मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस बन चुकी है

पीएम मोदी ने AI सम्मेलन में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा कि हताशा, निराशा में डूबी कांग्रेस ने क्या किया, सभी ने देखा.

पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी (Source : X: @narendramodi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 28, 2026 at 12:50 PM IST

|

Updated : February 28, 2026 at 2:41 PM IST

10 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर : शनिवार को राजस्थान दौरे पर आए पीएम मोदी ने अजमेर को सौगात दी. पीएम मोदी ने अजमेर में शहरी विकास, राष्ट्रीय राजमार्ग, पेयजल परियोजनाएं, ऊर्जा ग्रिड, औद्योगिक क्षेत्र, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी 16,680 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके साथ ही 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए ह्यूमन पेपीलोमा वायरस (एचवीपी) टीकाकरण के लिए राष्ट्रीयव्यापी अभियान का आगाज किया. पीएम ने कहा कि अजमेर से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई है. ये देश की नारी शक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा.

अब INC नहीं बची : उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ. इसमें दुनिया के अनेक देशों के पीएम, राष्ट्रपति, मंत्री आए थे. कई बड़े कंपनियों के मालिक भी आए थे. सभी ने भारत की खुले मन से प्रशंसा की. सभी को गर्व हुआ, लेकिन हताशा, निराशा में डूबी और लगातार पराजय से थक चुकी कांग्रेस ने क्या किया, सभी ने देखा. दुनियाभर के मेहमानों क सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की. इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश की छवि खराब करने के लिए ड्रामा किया. कांग्रेस पूरे देश में हार रही है. गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है. कभी कांग्रेस आईएनसी यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी. अब आईएनसी नहीं बची, आज वो एमएमसी बन गई है. मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है.

पढ़ें. सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन, U-WIN ऐप से होगा टीकाकरण

कांग्रेस देश को बदनाम कर रही : उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी, इसीलिए मुस्लिम लीग ने देश बांट दिया. आज कांग्रेस भी वही कर रही है. माओवादी भी भारत की समृद्धि, संविधान और सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं. कांग्रेस भी देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है. ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा. देश को बदनाम करना, देश की सेनाओं को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी आदत है. कांग्रेस ने सेनिक परिवराों को कई सुविधाओं से वंचित रखा. विदेशों से होने वाले रक्षा सौदों में घोटाले किए.

उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर आतंकियों और दुश्मनों पर करारा प्रहार किया. हमारी सेना हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही. सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक वीरता का लोहा मनवाया. कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के गुट को आगे बढ़ाया. देश के लिए जो अच्छा है, कांग्रेस उन सबका विरोध करती है. देश आज कांग्रेस को सबक सिखा रहा है. राजस्थान ने कांग्रेस के शासन को अनुभव किया. यहां कांग्रेस भष्टाचार और आपसी लड़ाई में उलझी रही. कांग्रेस ने किसानों को धोखा दिया. दशकों तक सिंचाई की परियोजनाओं को लटकाए रखा. ईआरसीपी परियोजनाओं को फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा. भाजपा ने इन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया. नदियों को जोड़ने का अभियान शुरु किया है.

पढ़ें. सर्वाइकल कैंसर सबसे अधिक रोका जाने वाला, फिर भी सबसे आम कैंसर

भजनलाल सरकार की सराहना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की भजनलाल सरकार की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार को दो साल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान राजस्थान विकास के नए पथ पर तेजी से आगे बढ़ा है. 2 साल पहले राजस्थान में पेपर लीक की खबरें चमकते थी, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार विकास गति दे रही है. 2 साल पहले जनता ने जिस विश्वास के साथ राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाई, हमारी सरकार उन वादों को पूरा कर रही है.

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें संतोष है कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा कर रही है. आज का दिन विकास अभियानों को और गति देने का है. प्रधानमंत्री ने अजमेर में करीब 17 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई अहम कार्य शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से जहां आम लोगों की सुविधाएं बढ़ेंगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

पढे़ं. यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर बोले पार्टी कार्यकर्ता, 'अजमेर में पीएम मोदी को दिखाएंगे काले झंडे'

पेपर लीक पर सख्त कदम : पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि दो साल पहले तक राजस्थान भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरों के कारण सुर्खियों में रहता था. प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था, लेकिन अब राज्य सरकार ने पेपर लीक पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है. इसी दिशा में अजमेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए. पीएम मोदी ने इसे बड़ा बदलाव बताते हुए कहा कि यह युवाओं के विश्वास को मजबूत करने वाला कदम है. उन्होंने राज्य की जनता और नव नियुक्त युवाओं को बधाई दी और कहा कि युवा शक्ति को सशक्त करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है.

महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर : प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया. अजमेर से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश की बेटियों के स्वास्थ्य की दिशा में अहम पहल है. उन्होंने कहा कि जब परिवार में मां स्वस्थ रहती है तो पूरा परिवार मजबूत रहता है. इसी भावना से सरकार महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य के लिए योजनाएं चला रही है. नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है. एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम में मदद मिलेगी और देश की लाखों बेटियों को सुरक्षित भविष्य मिलेगा. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान वीरों और वीरांगनाओं की धरती है और यहां की जनता ने हमेशा विकास और सुशासन का साथ दिया है. उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से राजस्थान आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा.

पढ़ें. AI समिट विवाद : महिला मोर्चा का PCC मुख्यालय पर प्रदर्शन, उदयभान चिब को हिरासत में लेने का डोटासरा, जूली ने किया विरोध

टीकाकरण के बाद पांच बालिकाओं से संवाद : प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रामस्थली में बने टीकाकरण स्थल से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया. उन्होंने 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद भी किया. सर्वाइकल कैंसर महिलाओं को प्रभावित करने वाला एक गंभीर रोग है. विश्व स्तर पर इसके लगभग 99 प्रतिशत से अधिक मामलों का मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है. टीकाकरण के लिए यू-विन प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार : प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण के लोकार्पण के विभिन्न कार्यों में 103 करोड़ रुपए अनुमानित खर्च होंगे. इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए पर शाहपुरा से थानागाजी तक टू लेन सड़क, 546 करोड़ रुपए के देवगढ़ से राजस्थान गुजरात सीमा तक (चरण-एक) सड़क निर्माण कार्य, 190 करोड़ रुपए की राष्ट्रीय राजमार्ग 89 के (नया एनएच 58) अजमेर-नागौर सेक्शन के पेव शोल्डर के साथ टू लेन में अपग्रेडेशन एवं 110 करोड़ रुपए की लागत के जैसलमेर सम धनाना रोड़ के चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य शामिल है.

पीएम मोदी ने जयपुर में 286 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपए की लागत से 4 लेन एलिवेटेड रोड, बारां जिले में 322 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग और सवाई माधोपुर में 111 करोड़ रुपए की लागत के एनएच 552 पर कुस्तला-सवाई माधोपुर सेक्शन के फोर लेन कार्य का शिलान्यास किया है.

पढ़ें. विधानसभा में सीएम ने कांग्रेस पर पलटवार, बोले- चुनौती का सामना करने की हिम्मत नहीं थी, इसलिए सदन छोड़ भागे

पेयजल कार्यों का हुआ शिलान्यास : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में 526 करोड़ रुपए के आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया. इसी प्रकार स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के लिए नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना के 1021 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपए की लागत के 5 पैकेजों की आधारशिला रखी. साथ ही बीकानेर जिले के वृहद पेयजल परियोजना के 660 करोड़ रुपये के 2 कार्यों की आधारशिला रखी। बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर जिले में नहरों के विकास और जीर्णोंद्धार के कार्यों का भी शिलान्यास किया. पीएम मोदी ने राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपए की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया. साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) सहित 1781 करोड़ रुपए के विद्युत से जुड़े विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया.

21 हजार 863 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र : पीएम मोदी ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. इनमें 3 हजार 320 पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 281 पशु परिचर, 3 हजार 822 सीएचओ, 472 फार्मा असिस्टेंट, 203 कम्पाउंडर आयुर्वेद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर 335, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्सिंग ट्यूटर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय एवं खनन विभाग में विभिन्न पदों पर 101 सहित स्कूल शिक्षा एवं अन्य विभागों की नियुक्तियां शामिल हैं.

Last Updated : February 28, 2026 at 2:41 PM IST