रिश्वत न लेने पर हिमाचल में पटवारी की पिटाई, मामला दर्ज
पटवारी के मुताबिक उसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस में मामला दर्ज करवाया

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 3:37 PM IST
|Updated : January 5, 2026 at 3:45 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले के सिल्लाघ्राट पटवार सर्किल में रिश्वत न लेने पर पटवारी की पिटाई कर दी गई. पटवारी का आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और इस दौरान पटवारखाने में तैनात चौकीदार जब बीच बचाव के लिए आया तो उसकी भी पिटाई कर दी गई. पटवारी मुकेश कुमार के मुताबिक इस मारपीट में उनके साथ चौकीदार को भी चोट आई है. पटवारी की ओर से इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई गई है.
रिश्वत न लेने पर पटवारी की पिटाई
पटवारी के मुताबिक मामला शुक्रवार, 2 जनवरी का है और पीड़ित पटवारी मुकेश कुमार ने रविवार 4 जनवरी को सदर थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई है. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति अपने 2 साथियों के साथ पटवारखाने पहुंचा था और पटवारी पर गलत रिपोर्ट बनाने का दबाव बना रहा था. इस बीच जबरदस्ती रिश्वत देने के बाद भी जब पटवारी ने रिश्वत नहीं ली तो आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ पटवारी की जमकर पिटाई कर दी.
क्या कहना है पीड़ित पटवारी का?
पटवारी मुकेश कुमार ने बताया कि, "किसी घराट कूहल के लिए एक व्यक्ति दो लोगों के साथ कार्यालय आया और बोला कि उस कूहल के रिपोर्ट मेरे पक्ष में डाल दो. मैंने उन्हें मना किया तो उस व्यक्ति ने मेरे टेबल पर पैसे फेंके और अपने साथ आए लोगों से कहा कि इसकी वीडियो बनाओ. इसके बाद उसके साथियों ने मेरी बाजू पकड़ी और जोर-जोर से खींचने लगे. बड़ी मुश्किल से वहां से भागा और किसी तरह से अपनी जान बचाई."
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पटवारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि, "इस मामले में FIR दर्ज की गई है. पुलिस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है और दोनों पक्षों को अपनी बात कहने का मौका दिया जाएगा और जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले के सामने आने के बाद कर्मचारी वर्ग भी पटवारी के समर्थन में आया है. कर्मचारी यूनियन चंबा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार मेहता ने पुलिस से उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है, ताकि कर्मचारी आसानी से अपने कार्यालय में काम कर सकें."
ये भी पढ़ें: 'वीबी जी राम जी' योजना में हिमाचल को 90:10 फंडिंग ही मिलेगी, कांग्रेस फैला रही भ्रम: जयराम ठाकुर
ये भी पढ़ें: धर्मशाला कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद वायरल वीडियो से मची खलबली, प्रोफेसर और 3 लड़कियों पर FIR दर्ज

