ETV Bharat / bharat

'मानहानि का केस करूंगी.. शराबकांड में अवैध संबंध की पुलिस थ्योरी मनगढ़ंत', पटना ग्रामीण SP पर भड़की महिला

पटना शराबकांड में अवैध संबंध की पुलिस थ्योरी को परिजनों ने खारिज किया. आरोपी की बहन ने कहा, 'मानहानि का केस करूंगी.' रिपोर्ट- महमूद आलम

POISONOUS LIQUOR CASE
बेढ़ना गांव शराब कांड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 2, 2026 at 3:19 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से 4 युवकों की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने मौत के पीछे प्रेम-प्रसंग को वजह बताते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया था लेकिन अब मामले से जुड़ी एक महिला ने पुलिस की इस थ्योरी को झूठा करार दिया है.

'पुलिस पर मानहानि का केस करूंगी'

महिला का कहना है कि पुलिस ने मनगढ़ंत कहानी पेश की है. उसने कहा कि वह इसके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएगी. मामले में जांच अभी जारी है और विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

POISONOUS LIQUOR CASE
रोती-विलखती मृतकों की परिजन (ETV Bharat)

'मेरे भाई को फंसाना चाहती है पुलिस'

गिरफ्तार आरोपी लाली कुमार की बहन ने आगे यह भी कहा कि उसके भाई को पुलिस झूठे आरोप में फंसाकर मामले को दबाना चाहती है. मेरा भाई निर्दोष है, उसे जबरन मारपीट कर पुलिस जहरीली शराब कांड को दबाना चाहती है.

'फौज में हैं मेरे पति'

महिला ने कहा, 'मेरे पति फौज में हैं, वो भी घर लौट रहे हैं. पति ने मुझे कहा कि तुम थाने में जाकर मुकदमा करो, मैं घर लौट रहा हूं. मैं अगर गलत रहती या निशु के साथ मेरा संबंध होता तो गांव या आस-पड़ोस के लोगों को जरूर पता चलता. मृतक निशु कुमार मेरा रिश्ते में भतीजा लगता है. 5 वर्ष पहले निशु की शादी हुई है.'

"सारा बात झूठ है. मेरा नाम क्यों लिया गया? भाई-बहन के रिश्ते को बदनाम किया जा रहा है. निशु मेरा भतीजा है. अब उसे बदनाम किया जा रहा है. मेरा भाई गलत होता तो इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाता या गांव परिवार के लोगों को घटना की जानकारी देता. पुलिस जो आरोप लगा रही है, सबूत दिखाएं. केस को उलझाया जा रहा है."- पीड़ित महिला

पुलिस की थ्योरी पर परिजनों के सवाल (ETV Bharat)

भाई ने भी पुलिस पर लगाया आरोप

वहीं, घटना के संबंध में मृतक निशु के भाई रिशु राज ने भी जहरीली शराब से 4 लोगों की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि शराबबंदी वाले बिहार में पुलिस अपनी साख बचाने के लिए घटना को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर लाली को बलि का बकरा बना बदनाम कर फंसाना चाहती है, जबकि ऐसा कभी कुछ नहीं था.

"हम लोग लाली कुमार की बहन को बुआ कहते हैं. मृतक मेरे भैया और लाली की बहन दोनों शादीशुदा है. ऐसे में पुलिस को ऐसे झूठे और गंदे आरोप नहीं लगाने चाहिए."- रिशु राज, मृतक निशु का छोटा भाई

POISONOUS LIQUOR CASE
पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल (ETV Bharat)

'पुलिस की थ्योरी झूठी'

उधर, मृतक शशि कुमार के भाई रविरंजन कुमार ने भी पुलिस की थ्योरी को झूठा करार दिया है. उन्होंने कहा, 'कभी ऐसा नहीं था. पुलिस जहरीली शराब से मौत के मामले को दबाने का प्रयास कर झूठा आरोप लगा रही है.'

क्या है पुलिस की थ्योरी?

दरअसल, पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए कहा था कि 30 अगस्त को चार लोगों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसे इलाज के क्रम में मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमें बेढ़ना गांव का निवासी लाली कुमार ने बताया कि मैंने गांव के चार लोगों को जहर मिला शराब पिलाया गया था. एसपी ने कहा कि इसकी पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद होगी.

एसपी ने बताया, 'लाली कुमार ने पूछताछ में बताया कि मृतक निशु के साथ उसका पूर्व का विवाद था. लाली की बहन और निशु में प्रेम-प्रसंग था. जिन तीन लोगों की मृत्यु हुई है, वे लोग भी लाली को चिढ़ाते थे. इस कारण घटना को अंजाम दिया गया.'

POISONOUS LIQUOR CASE
जहरीली शराब से 4 की हुई थी मौत (ETV Bharat)

क्या है मामला?

30 अगस्त की शाम बाढ़ थाना क्षेत्र बेढ़ना गांव जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई थी. जिसके शवों का पोस्टमार्टम करा पुलिस परिजनों को सौप जांच में जुट गई थी. प्रथम दृष्टया जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि जहरीली शराब से चारों व्यक्ति की मौत हुई थी. हालांकि शराब में कौन सा जहरीला पदार्थ मिला था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है. इस मामले में मृतकों में शशि कुमार (32 वर्ष), विकास राम (40 वर्ष), पंकज सिंह (45 वर्ष) और निशु कुमार (30 वर्ष) शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: भाई ने जहर देकर 4 लोगों को मारा, बहन के लव अफेयर से था नाराज.. पटना जहरीली शराब कांड पर बड़ा खुलासा