पांच साल पहले हुई थी मुर्गी की मौत, अब जांच हुई शुरू, मुखिया पर लगा हत्या का आरोप
पांच साल पहले हुई मुर्गी की मौत मामले मामले की पलामू पुलिस ने जांच शुरू की है.

Published : February 14, 2026 at 8:49 PM IST
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में एक मुर्गी की मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. पांच साल पहले हुई मुर्गी की मौत जांच अब शुरू हुई है. वहीं जिस गांव में यह घटना हुई है, उसी गांव के मुखिया और उसके बटाईदार पर मुर्गी की हत्या का आरोप है. यह घटना 2021 में हुई थी. लेकिन शिकायत के बाद पलामू पुलिस ने 2026 में इसकी जांच शुरू की है.
मुर्गी की मौत का यह पूरा मामला पलामू के तरहसी थाना इलाके के कसियाडीह गांव का है. 2021 में कसियाडीह में अंधविश्वास को लेकर एक महिला पर हमला हुआ था. महिला ने पड़ोस में रहने वाली तीन महिलाओं पर मारपीट का आरोप लगाया था. इसे लेकर एफआईआर भी दर्ज करायी गई थी. जिसके बाद तरहसी पुलिस ने जांच शुरू की थी.
मारपीट की इस घटना से पहले गांव के मुखिया ने दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराई थी. हमले की आरोपी महिलाओं का खेत मुखिया के खेत से सटा हुआ है. भुक्तभोगी महिला की मुर्गी मुखिया के खेत में चली गई और चरते समय उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मुर्गी के मालिक ने मुखिया और उसके बटाइदार के खिलाफ हत्या और मारपीट का आरोप लगाया था.
मुर्गी के मालिक ने आरोप लगाया कि गांव के मुखिया और बटाइदार ने उस दौरान कहा था कि भूत की वजह से मुर्गी की मौत हुई है. गांव के मुखिया और बटाइदार ने यह भी कहा था कि वे मुर्गी खा लेते हैं और जुर्माना देने को तैयार हैं. लेकिन जिस महिला के पास मुर्गी थी, उसने बात नहीं मानी और उसने शिकायत दर्ज करा दी. 2026 में तरहसी थाना पुलिस ने पूरे मामले में जांच शुरू की.
पाटन के इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने कहा कि मुर्गी की मौत और मारपीट के बारे में शिकायत दर्ज कराई गई थी. पूरे मामले की जांच की जा रही है. पूरा मामला 2021 में अंधविश्वास के कारण हुई मारपीट से जुड़ा है.

