INDO-PAK BORDER : फिर मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, जांच के बाद किया नष्ट
भारत - पाकिस्तान सीमा पर बीकानेर के खाजूवाला कस्बे में एक बार फिर बैलून मिला है. बैलून को पुलिस ने बरामद किया.

Published : December 12, 2025 at 10:58 AM IST
बीकानेर : अंतर्राष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर स्थित बीकानेर जिले की खाजूवाला कस्बे के 17 KYD गांव में एक किसान के खेत में पाकिस्तानी गुब्बारे मिले हैं. इन गुब्बारों के साथ पाकिस्तान के बहावलपुर में एक मॉल एक्स्पो के उद्घाटन का बैनर भी लगा हुआ है. किसान के खेत में गुब्बारा मिलने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और खेत के किसान और ग्रामीणों ने खाजूवाला पुलिस को इसकी सूचना दी.
पुलिस पहुंची मौके पर : खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम को भेजा गया और गुब्बारों को नष्ट करवाया गया. दरअसल पाकिस्तान से लगती भारत-पाक सीमा पर बहावलपुर है और हवा का रुख भारत की तरफ होने के चलते वहां से उड़ाए गए गुब्बारे संभावित भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए और हवा के दबाव के कम होने के साथ किसान के खेत में गिर गए. आमतौर पर कई बार भारतीय सीमा में इस तरह से गुब्बारे मिले हैं. इन्हें कोई जान बूझकर भारतीय सीमा की तरफ उड़ता है या अनजाने में ऐसा होता है इसको लेकर कोई आज तक जानकारी नहीं मिली लेकिन कई बार इस तरह की घटनाएं सामने आती है.
इसे भी पढ़ें: हनुमानगढ़ में पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से सनसनी, पुलिस ने जब्त कर शुरू की जांच
पहले भी मिले गुब्बारे : एक सप्ताह पहले भी बीकानेर के खाजूवाला और लूणकरणसर कस्बे में भी इस तरह के गुब्बारे मिले थे. वहीं एक दिन पहले भी गंगानगर जिले के करणपुर में भी गुब्बारे मिलने की घटना सामने आई थी.
सुरक्षा एजेंसी अलर्ट : गुब्बारों के मिलने की घटना आती रहती है बावजूद उसके पाकिस्तान से कनेक्शन होने के चलते सुरक्षा एजेंसी हमेशा अलर्ट रहती है और 17 KYD में मिले गुब्बारे की पूरी तलाशी ली गई और उसमें किसी भी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद उसे नष्ट करवाया गया.

