ETV Bharat / bharat

China से मिली हार का हिसाब गोल्ड से चुकाया, ईटीवी भारत के साथ बातचीत में निक्की बोलीं- इस बार नहीं लौटना था खाली हाथ

एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद टीम की सीनियर खिलाड़ी निक्की प्रधान ने ईटीवी भारत से खास बातचीत की. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Nikki Pradhan
महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : October 4, 2026 at 2:19 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद टीम की सीनियर खिलाड़ी और झारखंड की निक्की प्रधान ने ETV भारत से खास बातचीत में टीम के सफर और तैयारियों को लेकर कई अहम बातें साझा कीं.

निक्की प्रधान ने कहा कि पिछले 2 साल भारतीय हॉकी के लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे. टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और कई बड़े मौकों पर पदक हाथ से निकल गया. नए कोच और सपोर्ट स्टाफ के आने के बाद टीम ने अपनी कमियों को समझने और उन पर लगातार काम करने पर जोर दिया.

महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान ने की ईटीवी भारत से बातचीत (Etv Bharat)

मैं 3 बार खेल चुकी हूं एशियन गेम्स: निक्की

निक्की ने बताया कि एशियन गेम्स में जाने से पहले टीम के सामने एक लक्ष्य बिल्कुल साफ था, इस बार हर हाल में गोल्ड मेडल जीतना है. वह खुद इससे पहले 3 बार एशियन गेम्स खेल चुकी हैं, जिसमें सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल उनके नाम रहे, लेकिन गोल्ड नहीं जीत सकी थीं. पिछले एशियन गेम्स में चीन के हाथों मिली हार भी टीम के जेहन में थी. रांची में हुए क्वालीफाइंग मुकाबलों में भी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाई थी. इन अनुभवों ने इस बार टीम को और ज्यादा गंभीर बनाया.

युवा खिलाड़ियों के साथ साझा किया अनुभव

उन्होंने कहा कि क्वालीफाइंग राउंड का दबाव युवा खिलाड़ियों पर भी दिखाई दिया था, इसलिए सीनियर खिलाड़ियों ने अपनी जिम्मेदारी समझी और युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा किया. निक्की के मुताबिक, ब्यूटी और दीपिका का यह पहला एशियन गेम्स था.

दोनों को बड़े टूर्नामेंट के दबाव से निपटने और मैदान पर आत्मविश्वास बनाए रखने को लेकर उन्होंने अपने अनुभव बताए. कप्तान सलीमा के साथ भी उनका शानदार तालमेल रहा. मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह टीम के खिलाड़ियों के बीच बेहतर बॉन्डिंग रही.

निक्की ने कहा कि उन्होंने भी अपने करियर में सीनियर खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखा है. जिन खिलाड़ियों को देखकर उन्होंने हॉकी खेलना शुरू किया, बाद में उन्हीं के साथ खेलने का मौका मिला. दक्षिण पूर्व रेलवे में भी उन्हें सीनियर खिलाड़ियों का लगातार सहयोग मिला. अब वह इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जूनियर खिलाड़ियों को अपना अनुभव और सहयोग देना चाहती हैं.

मेरी सलीमा जी के साथ अच्छी है समझ: निक्की

सिंगापुर के खिलाफ किए गोल को याद करते हुए निक्की ने कहा कि वह उनके लिए खास पल था. बैक से खेलने वाली निक्की ने बताया कि सलीमा के साथ उनकी अच्छी समझ है. टीम से जुड़ी बात हो या मैदान के बाहर की, दोनों एक-दूसरे से चीजें साझा करती हैं और जरूरत के समय एक-दूसरे का साथ देती हैं.

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद भारतीय टीम अब ओलंपिक की तैयारियों में जुटेगी. टीम ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल कर चुकी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा संबंधित विभाग और हॉकी झारखंड की ओर से खिलाड़ियों के सम्मान का सिलसिला भी शुरू हो चुका है.

एशियन गेम्स में दिखाया संतुलित खेल

निक्की ने बताया कि एशियन गेम्स में टीम ने संतुलित खेल दिखाया, अपना मनोबल बनाए रखा और किसी भी विषम परिस्थिति को खुद पर हावी नहीं होने दिया. यही टीम की सबसे बड़ी ताकत रही और इसी के दम पर भारत ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया.

ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स की चैंपियन बेटियों के स्वागत में ढोल-नगाड़ों से गूंजा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, सलीमा टेटे समेत चारों खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

एशियन गेम्स: गोल्ड जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम पर पैसों की बरसात

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी को स्वर्ण पदक का सिमडेगा में जश्न, खूब झूमे खिलाड़ी