ETV Bharat / bharat

फेक करेंसी का लिंक खंगाल रही NIA, मदनपुर से जुड़े नेटवर्क की तलाश, झारखंड-बिहार-बंगाल तक फैले संपर्कों की जांच

एनआईए ने बरामद नकली नोट में जांच तेज कर दी है. इसी के तहत हजारीबाग में बुधवार को छापेमारी की गई थी. रिपोर्ट- प्रशांत कुमार

nia-investigation-intensifies-after-fake-currency-found-in-madanpur
प्रतीकात्मक तस्वीर (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : November 5, 2026 at 11:20 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर में बरामद नकली भारतीय करेंसी नोटों के पीछे किसका नेटवर्क काम कर रहा था? नकली नोट कहां से आए थे और इन्हें बाजार में खपाने के लिए किन लोगों की मदद ली जा रही थी? राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है. झारखंड के हजारीबाग में एनआईए ने बुधवार को इसी लिंक की तलाश में छापेमारी की थी. मदनपुर में 2 लाख 48 हजार 500 रुपये के नकली नोटों की बरामदगी से शुरू हुई जांच अब बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक पहुंच चुकी है.

चार लोगों को बनाया गया आरोपी

एनआईए के द्वारा जारी किए गए प्रेस रिलीज के अनुसार, इस मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया गया था. शुरुआती जांच के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर NIA ने 18 अक्टूबर 2026 को केस अपने हाथ में ले लिया. एजेंसी ने इसे RC-02/2026/NIA/PAT के रूप में दर्ज कर जांच शुरू की है. नकली भारतीय करेंसी नोटों की बरामदगी के बाद मदनपुर थाना में 15 अगस्त 2026 को कांड संख्या 317/2026 दर्ज किया गया था. इस मामले में सुरेंद्र कुमार, विजय यादव, रंजन और प्रदीप साव उर्फ प्रदीप कुमार साव को आरोपी बनाया गया था. पुलिस की शुरुआती जांच में 2.48 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली भारतीय नोट मिलने का मामला सामने आया था.

तीन राज्यों में संपर्कों की तलाश

मदनपुर से शुरू हुई जांच का दायरा अब तीन राज्यों तक पहुंच गया है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में संभावित संपर्कों और ठिकानों की पड़ताल की जा रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन राज्यों में मौजूद संदिग्ध संपर्कों का मदनपुर में दर्ज मामले से क्या संबंध है. झारखंड के हजारीबाग का नाम भी इस जांच में सामने आया है. NIA की पड़ताल में हजारीबाग के दो ठिकाने शामिल किए गए हैं.

बांग्लादेशी मुद्रा मिलने से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल अहम

इस मामले में बांग्लादेशी मुद्रा की बरामदगी को लेकर जांच बेहद महत्वपूर्ण है. NIA ने तलाशी के दौरान बांग्लादेशी करेंसी भी जब्त की है. इस पर भी जांच जारी है. आपको बता दें कि नकली भारतीय करेंसी नोटों (FICN) की तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार, 4 नवंबर को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ आठ ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस कार्रवाई में झारखंड के हजारीबाग स्थित दो ठिकाने भी शामिल रहे थे. तलाशी के दौरान NIA को डिजिटल उपकरणों और आपत्तिजनक दस्तावेजों के अलावा बांग्लादेशी करेंसी भी मिली है.

ये भी पढ़ें: हजारीबाग में NIA की छापेमारी, दो घरों में करीब 7 घंटे तक चली छानबीन, फेक करेंसी से जुड़ा मामला

बांग्लादेश से नकली नोटों की तस्करी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़, वांछित आरोपी गिरफ्तार

बिहार के रोहतास में NIA का छापा, फेक करेंसी से जुड़े तार ! संदिग्ध की तलाश में 9 घण्टे तक डाली रेड