ETV Bharat / bharat

NIA ने दिल्ली विस्फोट में इस्तेमाल हुई कार के मालिक को गिरफ्तार किया

लाल किला के पास हुए कार बम विस्फोट मामले में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए NIA ने एक कश्मीरी निवासी को गिरफ्तार किया है.

NIA arrests Kashmiri owner of car used in Delhi blast
NIA ने दिल्ली विस्फोट में इस्तेमाल कार के मालिक को गिरफ्तार किया (सांकेतिक तस्वीर)
author img

By IANS

Published : November 16, 2025 at 8:26 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली स्थित लाल किला के पास हुए कार बम विस्फोट मामले में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक कश्मीरी निवासी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए शख्स ने 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए आत्मघाती हमलावर के साथ साजिश रची थी. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने एक बयान में कहा कि हमले में शामिल कार जिस आमिर राशिद अली के नाम पर रजिस्टर थी, उसे एनआईए ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है. एनआईए ने दिल्ली पुलिस से मामला अपने हाथ में लेने के बाद व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था.

कार की खरीद में मदद
एनआईए की जांच से पता चला है कि जम्मू-कश्मीर के पंपोर के संबूरा निवासी आरोपी ने कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर आतंकी हमला करने की साजिश रची थी.बयान में कहा गया है कि आमिर कार की खरीद में मदद करने के लिए दिल्ली आया था, जिसका इस्तेमाल बाद में विस्फोट करने के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के रूप में किया गया.

एनआईए ने फोरेंसिक जांच से वाहन में मारे गए शख्स की पहचान उमर उन नबी के रूप में की है, जो पुलवामा जिले का निवासी था और फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी के जनरल मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर था.

नबी का एक और वाहन जब्त
आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने नबी का एक और वाहन भी जब्त कर लिया है. इस मामले में साक्ष्य के लिए वाहन की जांच की जा रही है, जिसमें एनआईए ने अब तक 73 गवाहों से पूछताछ की है. इनमें 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में हुए विस्फोट में घायल हुए लोग भी शामिल हैं.

दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर काम करते हुए एनआईए विभिन्न राज्यों में अपनी जांच जारी रखे हुए है. यह बम विस्फोट के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए कई सुरागों की तलाश कर रही है.

यह भी पढ़ें- अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़, हथियार और ड्रग्स के साथ पांच गिरफ्तार