CM से ज्यादा अमीर हैं उपमुख्यमंत्री और मंत्री, नीतीश कुमार समेत सभी मंत्रियों ने दिया संपत्ति का ब्यौरा
नए साल से पहले नीतीश कुमार और उनके मंत्रियों ने संपत्ति का ब्यौरा जारी कर दिया है. सीएम के पास केवल 20552 रुपये नगद है.

Published : December 31, 2025 at 9:00 PM IST
|Updated : December 31, 2025 at 9:07 PM IST
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद से हर साल अपनी और मंत्रियों के संपत्ति का ब्यौरा जारी करते रहे हैं. नए साल 2026 शुरू होने से पहले एक बार फिर से मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का लेखा-जोखा जारी किया है. सीएम से ज्यादा दोनों डिप्टी सीएम और उनके मंत्री अमीर हैं. मुख्यमंत्री की संपत्ति के आंकड़ों को देखें तो पिछले साल से बहुत ज्यादा का अंतर नहीं है.
नीतीश के पास 20552 रुपये नगद: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पास 20552 रुपये नकद हैं. उनके पास तीन बैंक खाते हैं. एसबीआई पटना सेक्रेटेरिएट में 27217 रुपये हैं. एसबीआई पार्लियामेंट्री हाउस दिल्ली में 3358 रुपये और पीएनबी बोरिंग रोड शाखा में 27191 रुपये हैं. सीएम के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट गाड़ी है, जिसकी कीमत 11 लाख 32,753 रुपए है.

अंगूठी और फ्लैट भी सीएम के पास: मुख्यमंत्री के पास सोने की दो अंगूठी और दो मोती जरित चांदी की अंगूठी भी है. लगभग 2 लाख 3000 रपये की ज्वेलरी है. कुल चल संपत्ति 17 लाख 66,196 की है. द्वारिका में एक फ्लैट है. मुख्यमंत्री के पास संसद बिहार कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी द्वारिका में एक फ्लैट है, जिसका नंबर ए-305 है. यह 1000 स्क्वायर फीट में है. वर्तमान में इसका मार्केट वैल्यू 1 करोड़ 48 लाख रुपए है.
सम्राट चौधरी ने दिया ब्यौरा: मुख्यमंत्री के साथ बिहार सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अपना संपत्ति का ब्यौरा जारी किया है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथ में नगद 135000 है, जबकि उनकी पत्नी कुमारी ममता के पास ₹35000 है. सम्राट चौधरी के पास एक बोलेरो गाड़ी है, जिसकी कीमत 7 लाख के करीब हैं.

रिवाल्वर रखते हैं डिप्टी सीएम: सम्राट चौधरी के पास 200 ग्राम सोना भी है, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये है. पिता से मिला 2 लाख का रिवाल्वर भी है तो वहीं एक एनपी बोर राइफल है, जिसकी कीमत 4 लाख है. सम्राट चौधरी की पत्नी के पास भी 20 लाख का सोना और 75000 का चांदी है.
पत्नी के पास फ्लैट: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास 4 करोड़ 91 लाख 50000 का नॉन एग्रीकल्चर लैंड है. वहीं उनकी पत्नी के पास गोला रोड में 29 लाख का एक फ्लैट है, जो 2012 में खरीदा गया था. सम्राट चौधरी के पास लाखों रुपये के बॉन्ड और एलआईआई पॉलिसीज और पोस्टल सेविंग भी है.
ये भी पढ़ें: बेटे से गरीब हैं सीएम नीतीश कुमार, जानें कितना है कैश और कितनी है कुल संपत्ति

