ETV Bharat / bharat

रोहतक के इंटरनेशनल प्लेयर की भिवानी में पीट-पीटकर हत्या, शादी समारोह में बदसलूकी का विरोध किया था

पैरा गेम्स के पावर लिफ्टिंग के 28 वर्षीय इंटरनेशनल खिलाड़ी की भिवानी में पीट-पीटकर हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

PLAYER ROHIT MURDER CASE
रोहित की पीट-पीटकर हत्या (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : November 29, 2025 at 9:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतकः जिले के हुमायूंपुर गांव निवासी 28 वर्षीय इंटरनेशनल पावर लिफ्टर पैरा खिलाड़ी रोहित की इलाज के दौरान मौत हो गई. 2 दिन हॉस्पिटल में मौत से लड़कर पंडित बीडी शर्मा पीजीएमएस रोहतक में वो जिंदगी से हार गया. पावर लिफ्टर रोहित को भिवानी में एक शादी समारोह के बाद पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया था जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. 8 साल पहले ही रोहित के पिता की मौत हो चुकी है.

शादी समारोह में बदसलूकी का विरोध पड़ा महंगाः 27 नवंबर शाम को रोहित अपने दोस्त के साथ उसकी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था. शादी कार्यक्रम के दौरान बारातियों के अभद्र व्यवहार पर एतराज करने के कारण बारातियों से झगड़ा हो गया. शादी समारोह समाप्त होने के बाद रोहित और उसके दोस्त को रोहतक वापस लौटते वक्त 15 से 20 बारातियों ने रास्ते में घेर लिया. दोस्त यतीन के अनुसार "लोहे की राड और हॉकी की स्टिक से रोहित पर आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसके चलते रोहित को गंभीर चोटें आई. हमले के दौरान मौके पर मौजूद उसका दोस्त किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग गया."

इंटरनेशनल खिलाड़ी की भिवानी में पीट-पीटकर हत्या (Etv Bharat)

रोहतक में इलाज के दौरान मौतः घायल अवस्था में रोहित को भिवानी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक रेफर कर दिया. दो दिन तक चले इलाज में रोहित को नहीं बचाया जा सका. आखिरकार पीजीआई रोहतक में उसने दम तोड़ दिया. बता दें कि रोहित दो बार का जूनियर पैरा नेशनल रिकॉर्ड होल्डर और सात बार का सीनियर पैरा नेशनल चैंपियन रहा है. रोहित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.

वापस लौटते वक्त बारातियों ने किया हमलाः भिवानी पुलिस के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि "रोहित अपने दोस्त की बहन की ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था. वरमाला के दौरान बारातियों के द्वारा किए गए गलत व्यवहार को लेकर कहा-सुनी हो गई. रोहित के एतराज करने पर बारात पक्ष के लोग नाराज हो गए. बारातियों ने शादी समारोह के बाद वापस लौटते वक्त रास्ते में रोहित और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया. दोस्त मौके से बचकर निकल गए और हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया."

Player Rohit Murder Case
रोहित (Etv Bharat)

6 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लियाः आरोपी बाराती जिला भिवानी के तगड़ाना गांव के बताए जा रहे हैं. जांच अधिकारी ने बताया कि "15- 20 की संख्या में हमलावर थे. हत्या के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है. जिस गाड़ी से हमला किया गया था, पुलिस ने उस गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है. खिलाड़ी की मौत के मामले में अभी जांच जारी है. जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी."

ये भी पढ़ें-फरीदाबाद में खिलाड़ी की हत्या, स्टेडियम से प्रैक्टिस कर लौट रहा था घर