ETV Bharat / bharat

बिहार में सूदखोर का तांडव, घर में घुसकर किया एसिड अटैक, पति-पत्नी और मासूम झुलसे

मोतिहारी में सूदखोरों ने कथित रूप से एक परिवार पर तेजाब से हमला कर दिया.जिसमें पति-पत्नी और मासूम बच्चा झुलस गया. रिपोर्ट- रोहित राज

तेजाब कांड में पति-पत्नी और बेटा झुलसा
तेजाब कांड में पति-पत्नी और बेटा झुलसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 30, 2026 at 8:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी में पति-पत्नी और मासूम बेटे पर तेजाब से अटैक हुआ है. मामला केसरिया थाना क्षेत्र का जहां सूद पर 15 लाख रुपए के मामले में ये वारदात सामने आई है. एसिड अटैक में मासूम बच्चा कराह रहा है. हालात यह है कि बच्चा ठीक से यूरिन पास नहीं कर पा रहा है. उसे कैथेटर लगाया गया है. मासूम बच्चे को पता ही नहीं है कि उसे किस बात की सजा मिली है.

तेजाब कांड में पति-पत्नी और बेटा झुलसा : तेजाब कांड में घायल स्वर्ण कारोबारी अमित कुमार उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और मासूम बेटे यश का मुजफ्फरपुर में इलाज चल रहा है. पीड़ित स्वर्ण कारोबारी अमित का कहना है कि उन्होंने 15 लाख रुपए सूद पर लिए थे जिसमें उन्होंने 10 लाख रुपए लौटा दिए लेकिन शेष 5 लाख रुपए के लिए उनकी 40 लाख की जमीन लिखने का दबाव बनाया जा रहा था.

क्या है पूरा मामला? : इस मामले में पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सूद देने वाले व्यक्ति को जमीन बेचने को तैयार नहीं थे. इसी बीच अमित ने अपनी जमीन केसरिया निबंधन कार्यालय में किसी अन्य व्यक्ति के हाथों बेच दी. आरोप है कि जमीन बेचने की जानकारी मिलने के बाद गुंजन अपने साथियों के साथ अमित के घर पहुंचा और मारपीट के बाद परिवार पर तेजाब से हमला कर दिया.

'हमारे साथ हुई मारपीट फिर फेंका तेजाब' : पीड़ित परिजनों के मुताबिक, घर में घुसकर पहले अमित और उनके परिवार के साथ मारपीट की गई. इसके बाद परिवार पर तेजाब फेंक दिया गया. तेजाब की चपेट में अमित, उनकी पत्नी रिंकी और ढाई साल का मासूम यश आ गया. बताया जा रहा है कि तेजाब फेंकने वाला व्यक्ति भी इसकी चपेट में आया है.

तेजाब फेकने वाला भी झुलसा : इस मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. जहां घायल स्वर्ण कारोबारी अपने परिवार के साथ मुजफ्फरपुर में इलाज करा रहे हैं, वहीं कथित तौर पर तेजाब फेंकने वाले पक्ष की ओर से ही केसरिया थाने में अमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

'फोन पर मिलती थी धमकियां' : घायल रिंकी कुमारी का आरोप है कि उनके पति ने गुंजन से रुपये लिए थे और इसी को लेकर उन्हें भी फोन पर धमकियां दी जा रही थीं. रिंकी का कहना है कि वह लगातार पैसा और उसका ब्याज चुकाने की बात कह रही थीं, लेकिन कथित तौर पर उनकी बात नहीं मानी गई.

पीड़ित पर ही FIR दर्ज होने से सवाल : अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ढाई साल के मासूम यश को किस बात की सजा मिली? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी. फिलहाल मासूम की हालत और पीड़ित परिवार पर दर्ज FIR ने इस पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है.

''मामले में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना में कौन दोषी है और तेजाब फेंकने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.''- राहुल कुमार, थाना प्रभारी, केसरिया

ये भी पढ़ें- 3 दिन से लापता युवक का 'कंकाल' बरामद, तेजाब से शव गलाने की आशंका, सड़क पर फूटा गुस्सा